सीतापुर में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। कोहरे की धुंध और शीतलहर का डबल अटैक जारी है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर भी कोहरा छाया हुआ है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो जाने से वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और देर रात के समय हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। हालांकि अन्य दिनों की तुलना में सोमवार को दृश्यता करीब 20 मीटर तक पहुंचने से वाहन चालकों को थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन रफ्तार अभी भी काफी धीमी बनी हुई है। वाहन चालकों को हेडलाइट और फॉग लाइट के सहारे सफर करना पड़ रहा है। पुलिस और प्रशासन की ओर से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। भीषण ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी ने अहम निर्णय लेते हुए जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा 8 तक के बच्चों के लिए 30 दिसंबर तक अवकाश घोषित कर दिया है। इस आदेश से छोटे बच्चों और अभिभावकों को राहत मिली है। ठंड और कोहरे के चलते बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। रविवार को पूरे दिन बादल छाए रहने और धूप न निकलने से ठिठुरन और अधिक बढ़ गई। लोग दिनभर अलाव और गर्म कपड़ों के सहारे ठंड से बचाव करते नजर आए। देर रात से चल रही तेज सर्द हवाओं ने ठंड में और इजाफा कर दिया। सोमवार सुबह जिले का न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे ठंड का असर साफ तौर पर महसूस किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। प्रशासन ने बुजुर्गों, बच्चों और जरूरतमंदों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। ठंड से बचाव के लिए रैन बसेरों और अलाव की व्यवस्था भी तेज कर दी गई है।


