मैनपुरी में रविवार रात नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर किशोरी पर स्प्रे कर दिया और करीब 20 लाख रुपए के जेवरात व नकदी लूटकर फरार हो गए। वारदात किशनी नगर पंचायत के गांव पृथ्वीपुर की है, जो थाने से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। गांव पृथ्वीपुर निवासी कमलेश प्रजापति ट्रक चालक हैं। रविवार रात करीब आठ बजे उनकी 10 वर्षीय बेटी आस्था घर की दूसरी मंजिल पर टीवी देख रही थी। इसी दौरान उसकी मां राखी और भाई घर के बाहर अहाते में भैंस के बच्चा देने के कारण मौजूद थे। घर में आस्था को अकेला पाकर दो नकाबपोश बदमाश अंदर घुस आए। किशोरी के अनुसार, बदमाशों ने उसके चेहरे पर स्प्रे कर दिया, जिससे वह अर्धबेहोशी की हालत में चली गई। इसके बाद बदमाशों ने कमरे में रखी अलमारी खोलकर उसमें रखे कीमती जेवरात और नकदी समेट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश छत के रास्ते फरार हो गए। कुछ देर बाद होश में आने पर आस्था ने किसी तरह सीढ़ियों की कुंडी खोली और बाहर निकलकर शोर मचाया। आवाज सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के पहुंचने पर देखा गया कि अलमारी खुली थी और जेवरात गायब थे। पीड़िता की मां राखी ने बताया कि बदमाश दो अंगूठी, एक जंजीर, करधनी, पायलें, नेकलेस, तोड़ियां और नकदी लूट ले गए हैं। लूटे गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आंखों में स्प्रे पड़ने से बदहवास किशोरी का उपचार कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष छत्रपाल सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।


