पीलीभीत में पूरनपुर पुलिस की माधोटांडा रोड पर रामपुर माइनर पुलिया के पास बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जिसमें दो शातिर गौकश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मुठभेड़ रविवार रात करीब आठ बजे हुई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक पूरनपुर पुलिस बल के साथ माधोटांडा रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही वे कच्चे रास्ते की ओर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। पीछा करने के दौरान खेत के पास बदमाशों की मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई और वे मौके पर ही गिर पड़े। घायल बदमाशों को तत्काल सीएचसी पूरनपुर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत सामान्य बताई है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बब्बू पुत्र इनायततुल्ला (42) और अफजाल पुत्र पुत्तन (35 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों पूरनपुर के मोहल्ला लाइनपार साहूकारा के निवासी हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों अभियुक्तों ने 25 दिसंबर को शेरपुर कुंडा पुलिया के पास गौकशी की वारदात को अंजाम दिया था। तभी से पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी। अभियुक्त अफजाल शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ गौकशी, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास सहित कुल नौ गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ की सूचना पर क्षेत्राधिकारी पूरनपुर प्रतीक दहिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी शातिर गौकश हैं। उनके कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे, कारतूस, गौकशी के औजार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। सीओ ने बताया कि पुलिस टीम ने साहस और सतर्कता का परिचय देते हुए बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और क्षेत्र में अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


