प्रयागराज में औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में मारपीट के बाद तनावपूर्ण हालात बन गए। एक युवक को पीटे जाने की शिकायत लेकर आरोपित के घर पहुंचे लोगों पर चार पहिया वाहन चढ़ाने का आरोप है। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना शनिवार देर रात की है। रामपुर गांव निवासी अमित कुमार घर के पास स्थित किराना दुकान से सामान लेने गया था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही उज्ज्वल ने उसे आवाज देकर बुलाया। सामान खरीदने में व्यस्त होने के कारण अमित तुरंत उसके पास नहीं पहुंच सका। इसी बात को लेकर उज्ज्वल भड़क गया और अमित के साथ मारपीट कर दी। उलाहना देने पहुंचे थे तभी गाड़ी चढ़ाई मारपीट के बाद अमित किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन और अन्य लोग उज्ज्वल के घर उलाहना देने पहुंचे। आरोप है कि उज्ज्वल की मां को पूरी बात बताई ही जा रही थी कि उसी समय उज्ज्वल तेज रफ्तार में चार पहिया वाहन लेकर पहुंचा और भीड़ में घुसा दिया। इस घटना में अमित कुमार, शिव लोचन और कौंधियारा थाना क्षेत्र के चितौरा गांव निवासी सुनील कुमार वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए। घायलों को तत्काल स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां शिव लोचन और सुनील कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। 6 घंटे तक थाने का घेराव घटना के बाद पीड़ित पक्ष औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचा और लिखित तहरीर दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया। कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने रविवार को थाने का घेराव कर दिया। दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुआ घेराव शाम लगभग 6:15 बजे तक चलता रहा। इस दौरान पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।कई घंटे चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने आखिरकार मुकदमा दर्ज किया। डीसीपी बोले-दो पक्षों के बीच विवाद की रिपोर्ट दर्ज इस मामले में डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव का कहना है कि दो पक्षों में किसी बात को लेकर मारपीट हुई थी। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से कई लोग जुट गए। इसके बाद दूसरे पक्ष का युवक गाड़ी लेकर भागने लगा और दो लोग चपेट में आने से जख्मी हो गए। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है विस्तृत जांच पड़ताल कराई जा रही है।


