पानीपत-जींद सड़क को फोरलेन बनाने की परियोजना का टेंडर जारी हो गया है। हरियाणा के पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि पानीपत से दरियापुर मोड़ तक सड़क निर्माण के लिए 53 करोड़ 91 लाख रुपए का टेंडर लगा है। यह कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। परियोजना के पहले चरण में पानीपत से दरियापुर मोड़ तक लगभग 55 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण होगा। इस पर 53 करोड़ 91 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। दूसरे चरण में दरियापुर मोड़ से जींद तक लगभग 50 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। इस कार्य पर 59 करोड़ 48 लाख रुपए की राशि खर्च होगी, जिसे भी लोक निर्माण विभाग ही पूरा करेगा। HPCC की बैठक में इस परियोजना के टेंडर प्रक्रिया की शुरुआत मंत्री पंवार ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में 27 दिसंबर को हुई एचपीसीसी की बैठक में इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई थी। सड़क निर्माण के दौरान पानी की निकासी का भी समुचित प्रबंध किया जाएगा। इस नवीनीकरण से इसराना, जींद जिले की सफीदों और करनाल जिले के संत विधानसभा क्षेत्र के लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा के विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिली है। सरकार का विशेष ध्यान सड़कों, पुलों, संपर्क मार्गों और शहरी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सड़क के निर्माण से हरियाणा के कई जिलों को फायदा होगा।


