सीतापुर के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में हुए बहुचर्चित पिता पुत्र दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो हत्याभियुक्तों सगे भाइयों को अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह वारदात पुरानी रंजिश और 2011 में हुई पिता के हत्या के बदले की भावना के चलते अंजाम दी गई थी। एएसपी दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के निकट पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी महोली नागेन्द्र चौबे के नेतृत्व में थाना इमलिया सुल्तानपुर पुलिस टीम ने हत्या में वांछित अभियुक्त अजयपाल उर्फ झगड़ू पुत्र स्व. ठाकुर प्रसाद और सगे भाई उत्तम उर्फ तामू उर्फ रामू पुत्र ठाकुर प्रसाद निवासी ग्राम फत्तेपुर मातिनपुर को गिरफ्तार किया है। एएसपी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से दो अदद देशी तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस एवं दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी मुकदमे में बढ़ाई गई हैं। मालूम हो कि 26 दिसंबर 2025 को ग्राम फत्तेपुर मातिनपुर में अख्तर खान (65) एवं उनके पुत्र मैसर खान (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के संबंध में मृतक अख्तर के दामाद महफूज द्वारा तहरीर दी गई थी, जिसके आधार पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सीतापुर ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर पांच टीमों का गठन किया था। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि मृतकों से उनकी पुरानी दुश्मनी चली आ रही थी। आरोपियों के अनुसार वर्ष 2011 में उनके पिता तथा वर्ष 2020 में उनके भाई की हत्या हुई थी, जिसका बदला लेने की भावना लंबे समय से मन में थी। इसी रंजिश के चलते योजना बनाकर फत्तेपुर मातिनपुर तिराहे पर दोनों की हत्या की गई। पुलिस का कहना है कि अन्य फरार 4 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों का चालान कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही पूरे मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


