शतचंडी महायज्ञ: दूसरे दिन पुष्पार्चन, यज्ञ में दी आहुतियां… किए दुर्गाशप्तशति के पाठ

शतचंडी महायज्ञ: दूसरे दिन पुष्पार्चन, यज्ञ में दी आहुतियां… किए दुर्गाशप्तशति के पाठ

पोकरण कस्बे के आशापुरा माता मंदिर में चल रहे शतचंडी महायज्ञ के दूसरे दिन रविवार को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यज्ञ के आचार्य पंडित अशोक बिस्सा सन्ना महाराज बीकानेर ने बताया कि दूसरे दिन आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों के अंतर्गत यथाक्रम मंडप पूजन, गणेश पूजन, षोडश मातृ पूजन, नवगृह पूजन, वास्तु पूजन, अग्नि पूजन, 52 भैरव व 64 योगिनी पूजन किया गया।

इससे पूर्व यजमान लक्ष्मीचंद जोशी, गोपाल जोशी, अभिषेक बिस्सा, गिरीराज रंगा, शर्मिला बिस्सा, गिरीराज बिस्सा, नीलकमल, पंडित अशोक शर्मा, ब्रजनारायण बिस्सा ने विशेष पूजा-अर्चना की और मंदिर के शिखर पर ध्वजा चढ़ाई। इस मौके पर मां आशापुरा व मां लक्ष्मी के सभी रूपों का आह्वान करते हुए पुष्पार्चन किया गया। इस दौरान यजमानों की ओर से 30 हजार गुलाब के पुष्पों से अर्चन कर पूजा की गई।

यज्ञ में दी आहुतियां

मंदिर में दो चरणों में यज्ञ का आयोजन किया गया, जो देर शाम तक चलता रहा। यज्ञ में आचार्य पंडित अशोक बिस्सा के निर्देशन में आचार्य अशोक रंगा, पंडित मनोजकुमार बिस्सा कोलकाता, राहुल रंगा, रमेश पुरोहित, अशोक बिस्सा के सानिध्य में यजमानों की ओर से दुर्गाशप्तशति के पाठ के साथ यज्ञ में आहुतियां दी गई। रविवार को दूसरे दिन हवन में श्रीसुक्त पाठ से कमलगट्टे, बादाम, किशमिश व बिल्व पत्र की आहुतियां दी गई। प्रतिदिन किए जा रहे 20 पाठ के अंतर्गत रविवार तक 40 पाठ के साथ आहुति दी गई। इसी तरह पुष्पार्चन के अंतर्गत 60 हजार पुष्पों से अर्चन हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *