सुलतानपुर के बिरसिंहपुर बाजार में रविवार को किन्नरों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक कथित नकली किन्नर ने भीड़ के सामने कपड़े उतार दिए, जिसके बाद दूसरे गुट के किन्नरों ने उसकी डंडों से पिटाई की। इस घटना से बाजार में हड़कंप मच गया। पुलिस के पहुंचने के बावजूद स्थिति काफी देर तक नियंत्रित नहीं हो सकी। जानकारी के अनुसार, पड़ोसी जिले बेलवाई की विशाखा किन्नर अपने गुट के लगभग आधा दर्जन सदस्यों के साथ बिरसिंहपुर बाजार से कालीगंज मार्ग पर एक युवक से मारपीट कर रही थी। एक स्थानीय व्यक्ति ने इसकी सूचना मंगलमुखी किन्नर समाज की अगुवा और जयसिंहपुर निवासी बबिता किन्नर को दी। सूचना मिलते ही बबिता किन्नर अपने गुट के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्हें देखते ही विशाखा किन्नर गुट के सदस्य भागने लगे, जिन्हें बाद में पकड़ लिया गया। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में बबिता गुट ने कुछ लोगों की पहचान की, जिनमें कई कथित तौर पर बनावटी किन्नर पाए गए। इसी बात को लेकर दोनों गुटों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों की बुलेरो गाड़ियों के शीशे टूट गए। बाजार में हुए इस हंगामे से दुकानदारों में दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए व्यापार भी प्रभावित हुआ। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी दोनों गुटों के बीच दोस्तपुर बाजार में विवाद और मारपीट हुई थी, जिसमें बबिता किन्नर गुट की बुलेरो का शीशा टूट गया था। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों गुटों को उनकी गाड़ियों सहित कोतवाली ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। प्रभारी थानाध्यक्ष सूबेदार यादव ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद को लेकर बातचीत चल रही है और आपसी सुलह कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।


