रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक लाइसेंसी पटाखा व्यापारी के घर जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद भीषण आग लग गई। हादसे में चार लोग झुलस गए, जबकि आग बुझाने के दौरान नगर परिषद का एक फायरमैन भी घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुढ़ कस्बे में स्थित ‘बादल पटाखे वाले’ के नाम से मशहूर लाइसेंसी व्यापारी के घर में बड़ी मात्रा में पटाखों और विस्फोटक सामग्री का भंडारण किया गया था। बताया जा रहा है कि वैध लाइसेंस होने के बावजूद यह सामग्री नियमों के खिलाफ घर के भीतर रखी गई थी। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ और आग भड़क उठी। नगर परिषद का फायरमैन भी झुलसा
धमाके की आवाज के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घर में मौजूद लोग आग और विस्फोट की चपेट में आ गए, जिससे चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आग बुझाने के प्रयास के दौरान नगर परिषद का एक फायरमैन भी झुलस गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में झुलसे सभी घायलों को इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल अधीक्षक राहुल मिश्रा ने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों की पहचान महबूब रजक और राहुल खान के रूप में हुई है। संदेह- अवैध भंडारण हादसे की मुख्य वजह
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पटाखों और विस्फोटक सामग्री का अवैध भंडारण हादसे की मुख्य वजह हो सकता है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि संबंधित व्यापारी ने सुरक्षा मानकों और लाइसेंस की शर्तों का पालन किया था या नहीं।


