पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का सीधा असर फर्रुखाबाद में देखने को मिल रहा है। जिले में पाला गिरने से ठिठुरन बढ़ गई है। बीते 13 दिनों से घना कोहरा छाए रहने और सूर्यदेव के दर्शन कम होने से गलन लगातार बढ़ती जा रही है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दृश्यता घटकर महज 20 मीटर रह गई। हाईवे सहित शहर के मुख्य मार्गों पर वाहन फॉग लाइट जलाकर बेहद धीमी गति से चलते नजर आए। कड़ाके की सर्दी और शीतलहर ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। कोहरे का असर बाजारों पर भी साफ दिखाई पड़ रहा है, जहां सामान्य दिनों की तुलना में चहल-पहल बहुत कम हो रही है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 31 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। अधिकतम तापमान 20 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। इससे साफ है कि सर्दी अभी और बढ़ने के आसार हैं। शुक्रवार को सूर्य देव के दर्शन भी नहीं हुए। शनिवार को कोहरा कुछ ज्यादा घना रहा। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 31 दिसंबर तक मौसम में बदलाव के आसार नहीं हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


