श्रावस्ती में सरयू मुख्य नहर में कूदी महिला:चरवाहों ने बचाने का किया प्रयास, पुलिस ने शुरू की तलाश

श्रावस्ती में सरयू मुख्य नहर में कूदी महिला:चरवाहों ने बचाने का किया प्रयास, पुलिस ने शुरू की तलाश

श्रावस्ती के सोनवा थाना क्षेत्र में सरयू मुख्य नहर में एक महिला के कूदने से हड़कंप मच गया। बढ़हीपुरवा गांव के पास शनिवार को हुई इस घटना के बाद से महिला लापता है। पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा उसकी तलाश जारी है। महिला कौन है और कहां से आई इसकी जानकारी की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिपरी गांव की ओर से पैदल आ रही एक महिला पुल के बीच पहुंचते ही अचानक नहर में कूद गई। पास में मवेशी चरा रहे चरवाहों ने यह देखा और तुरंत शोर मचाते हुए उसे बचाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से नहर में उतरकर महिला तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन सरयू मुख्य नहर में पानी का बहाव बहुत तेज था। तेज बहाव के कारण वे महिला को बचा नहीं सके और वह कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर जमा हो गए। सोनवा थाना पुलिस को जानकारी दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से नहर के दोनों ओर महिला की खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था। चश्मदीदों ने बताया कि घटना के समय महिला घबराई हुई दिख रही थी। हालांकि, महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और न ही यह स्पष्ट हो सका है कि उसने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और गुमशुदगी से संबंधित जानकारी भी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। नहर के निचले इलाकों में भी खोज अभियान चलाया जा रहा है। महिला की पहचान होने के बाद ही घटना के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *