गुना के बूढ़े बालाजी इलाके में एक युवक ने फांसी लगा ली। उसका एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रह था। आरोप है कि वह युवक पर शादी का दबाव बना रहे थी, जिसके कारण युवक परेशान था। जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। मिली जानकारी के अनुसार बूढ़े बालाजी हरिपुर रोड पर रहने वाला विकास शर्मा (24) पुत्र चंद्रशेखर शर्मा CNG पेट्रोल पंप पर काम करता था। बुधवार को वह काम पर नहीं गया। उसने कहा कि उसे बुखार है, इसलिए वह आराम करेगा। वह गुरुवार को दिन भर अपने कमरे में ही रहा। वह रोज सुबह 8 बजे काम पर जाता था। शुक्रवार सुबह भी जब मां जगाने गई, तब घटना सामने आई। विकास कमरे में ही फंदे पर लटका हुआ था। उन्होंने परिवार के बाकी लोगों को बुलाया। इसके बाद शव को नीचे उतारा गया। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाया और मौका मुआयना किया। जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। परिवार वालों ने बताया कि उसका एक लड़की से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी के कारण विकास मानसिक रूप से तनाव में था। हालांकि, सुसाइड करने का स्पष्ट कारण क्या रहा, यह साफ नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


