Adani Stocks Performance: शेयर बाजार के लिए साल 2025 उतार-चढ़ाव वाला रहा। मार्केट ने कुछ बड़े गोते लगाए और फिर धीरे-धीरे रिकवरी करता दिखाई दिया। इस दौरान कई दिग्गज स्टॉक्स लड़खड़ाते नजर आए। उदाहरण के तौर पर, देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी एलआईसी का शेयर इस साल अब तक (YTD) 5 प्रतिशत से अधिक लुढ़का। जिंदल समूह की कंपनी Jindal SAW के लिए भी यह साल अच्छा नहीं रहा। कंपनी का स्टॉक 2025 में 40% से अधिक नीचे आया है।
फ्लैगशिप कंपनी ने किया मायूस
अडानी समूह की फ्लैगशिप कंपनी Adani Enterprises के निवेशक भी मायूस हुए। कंपनी का स्टॉक इस साल अब तक 9% से ज्यादा गिर चुका है। 2,232 के भाव पर मिल रहा यह शेयर पिछले कुछ समय से लगातार दबाव में दिखाई दे रहा है। इसका 52 वीक का हाई लेवल 2,612.76 रुपए है। हालांकि, समूह की कुछ दूसरी कंपनियां ने अस्थिर बाजार में भी निवेशकों को पॉज़िटिव रिटर्न दिया है। चलिए ऐसे 5 Adani Stocks पर नजर डालते हैं, जिन्होंने पॉज़िटिव रिटर्न दिया है।
Adani Power
अडानी पावर 2025 में सबसे अच्छा परफॉर्म करने वाला अडानी स्टॉक साबित हुआ है। कंपनी का मार्केट कैप 2024 के आखिर में लगभग 2.04 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 27 दिसंबर, 2025 तक करीब 2.76 लाख करोड़ रुपए हो गया है। इस साल यह स्टॉक 36 प्रतिशत तक मजबूत हुआ है। दरअसल, थर्मल पावर की मजबूत डिमांड, प्लांट यूटिलाइजेशन और कई राज्यों में बिजली आपूर्ति की बढ़ती मांग का कंपनी को फायदा मिला है। फिलहाल कंपनी का स्टॉक 143.22 रुपए के भाव पर उपलब्ध है।
Adani Energy Solutions
अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस इस साल अच्छा करने वाले अडानी स्टॉक्स में शामिल है। यह शेयर इस साल अब तक 26% से अधिक चढ़ा है। साल भर में कंपनी का मार्केट कैपिटलाइज़ेशन लगभग 96,871 करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग 1.22 लाख करोड़ रुपए हो गया है। ट्रांसमिशन एसेट्स में लगातार बढ़ोतरी और रेगुलेटेड पावर इंफ़्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर तेजी से चल रहे काम का फायदा कंपनी को मिला है और इसका असर उसके स्टॉक पर भी दिखाई दे रहा है।
Adani Ports
अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड भी इस साल फायदे में रहा है। 2025 में अब तक यह स्टॉक अपने निवेशकों को 22 प्रतिशत से अधिक का रिटर्न दे चुका है। कंपनी की मार्केट वैल्यू 2.65 लाख करोड़ से बढ़कर लगभग 3.22 लाख करोड़ रुपए पहुंच गई है। एक्स्पर्ट्स का कहना है कि स्टेबल कार्गो वॉल्यूम, अलग-अलग पोर्ट ऑपरेशन और लॉजिस्टिक्स में मजबूती ने पूरे साल स्टॉक को सपोर्ट दिया है। वर्तमान में इस स्टॉक की कीमत 1,492 रुपए है।
Sanghi Industries
अडानी समूह की सीमेंट कंपनी सांघी इंडस्ट्रीज ने 2025 में मामूली, लेकिन पॉजिटिव रिटर्न दिया है। इस स्टॉक में निवेश करने वालों को इस साल अब तक 4% से अधिक का रिटर्न मिला है। कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 1,570 करोड़ से बढ़कर 1,644 करोड़ हो गया है। 4% का रिटर्न मामूली लग सकता है, लेकिन गौर करने वाली बात यह है कि सीमेंट सेक्टर के लिए मुश्किल माहौल के बावजूद स्टॉक पॉजिटिव बना रहा है।
Ambuja Cements
अंबुजा सीमेंट्स का 2025 में रिटर्न 2 प्रतिशत से अधिक रहा है। कंपनी का मार्केट कैपिटलाइज़ेशन लगभग 1.32 लाख करोड़ से बढ़कर लगभग 1.37 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया है। सीमेंट सेक्टर में कड़े कॉम्पिटिशन के बीच कंपनी का स्टॉक पूरे साल लगभग स्थिर रहा क्योंकि कंपनी ने कॉस्ट एफिशिएंसी और कैपेसिटी बढ़ाने पर फोकस किया। इस शेयर की वर्तमान कीमत 553.25 रुपए चल रही है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)


