अलीगढ़ के गभाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम दिल्ली-कानपुर हाईवे पर एक सड़क हादसा हुआ। गांव भांकरी के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान गांव कलुआ निवासी 30 वर्षीय लीलाधर पुत्र धर्मप्रकाश के रूप में हुई है। लीलाधर भुकरावली स्थित एक गोदाम में मजदूरी करता था। गुरुवार देर शाम लीलाधर अपने गांव के जसवंत पुत्र नत्थू सिंह और विज्जू पुत्र लेखराज सिंह के साथ बाइक से मजदूरी कर घर लौट रहा था। जैसे ही उनकी बाइक गांव भांकरी के पास पहुंची, पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में लीलाधर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जसवंत और विज्जू गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।


