अमेरिका की नाइजीरिया में ISIS के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक:ट्रम्प बोले- ये ईसाइयों की हत्या कर रहा, हम इस्लामी आतंकवाद पनपने नहीं देंगे

अमेरिका की नाइजीरिया में ISIS के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक:ट्रम्प बोले- ये ईसाइयों की हत्या कर रहा, हम इस्लामी आतंकवाद पनपने नहीं देंगे

अमेरिका ने गुरुवार रात नाइजीरिया में आतंकी संगठन ISIS के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। राष्ट्रपति ट्रम्प ने सोशल मीडिया पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। ट्रम्प का आरोप है कि यहां ISIS ईसाइयों को निशाना बनाकर बेरहमी से हत्या कर रहा है। उन्होंने ISIS आतंकियों को ‘आतंकी कचरा’ बताते हुए लिखा कि यह संगठन लंबे समय से निर्दोष ईसाइयों की हत्या कर रहा है। ट्रम्प के मुताबिक इस ऑपरेशन में अमेरिकी सेना ने कई परफेक्ट स्ट्राइक कीं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने साफ किया कि अमेरिका ‘कट्टर इस्लामी आतंकवाद को पनपने नहीं देगा।’ पोस्ट के अंत में ट्रम्प ने सेना को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि अगर ईसाइयों की हत्याएं जारी रहीं, तो आगे और भी आतंकी मारे जाएंगे। ट्रम्प बोले- ऐसी कार्रवाई सिर्फ अमेरिका कर सकता है ट्रम्प ने रक्षा मंत्रालय को ‘डिपार्टमेंट ऑफ वॉर’ कहते हुए सेना की तारीफ की और कहा कि ऐसी सटीक कार्रवाई सिर्फ अमेरिका ही कर सकता है। इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर सिविल लिबर्टीज एंड द रूल ऑफ लॉ की एक रिपोर्ट के अनुसार, नाइजीरिया में जनवरी से 10 अगस्त तक धार्मिक हिंसा बढ़ने के कारण 7,000 से ज्यादा ईसाइयों की हत्या कर दी गई है। इन हत्याओं के लिए बोको हरम और फुलानी जैसे आतंकी संगठन जिम्मेदार हैं। ट्रम्प ने 2 नवंबर को हमले की धमकी दी थी ट्रम्प ने 2 नवंबर नाइजीरिया को कड़ी चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर नाइजीरिया में ईसाइयों की हत्या और हमले बंद नहीं हुए, तो अमेरिका तुरंत नाइजीरियाई सरकार को दी जाने वाली सभी आर्थिक और सैन्य सहायता रोक देगा। ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर लिखा था कि अगर जरूरत पड़ी, तो अमेरिका ‘गन के साथ’ नाइजीरिया में कार्रवाई करेगा। हम आतंकियों को खत्म कर देंगे जो ईसाइयों पर हमला कर रहे हैं। ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने अपने डिपार्टमेंट ऑफ वॉर को संभावित सैन्य कार्रवाई की तैयारी के आदेश दे दिए हैं। नाइजीरिया के सोकोतो राज्य में किया गया हमला अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी इस हमले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई नाइजीरिया सरकार के सहयोग से की गई है और आने वाले वक्त में और भी हमले हो सकते हैं। उन्होंने नाइजीरिया सरकार को मदद और सहयोग के लिए शुक्रिया कहा। अमेरिकी सेना की अफ्रीका कमांड के मुताबिक यह हमला नाइजीरिया के सोकोतो राज्य में किया गया, जिसमें ISIS के कई आतंकवादी मारे गए हैं। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि हमला कब हुआ और इसमें कितना नुकसान हुआ। नाइजीरिया सरकार ने कहा है कि यह हमला अमेरिका के साथ चल रहे सुरक्षा सहयोग का हिस्सा है। दोनों देश मिलकर आतंकवाद से लड़ने के लिए खुफिया जानकारी साझा कर रहे हैं और रणनीति बना रहे हैं। नाइजीरियाई सरकार बोली- हिंसा को धर्म से जोड़कर नहीं देखें नाइजीरिया सरकार और कई मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि वहां हिंसा को सिर्फ धर्म से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उनके मुताबिक आतंकी हमलों में ईसाई और मुसलमान, दोनों ही समुदायों के लोग मारे जाते रहे हैं। नाइजीरिया की आबादी लगभग बराबर हिस्सों में मुस्लिम और ईसाई है। नाइजीरिया में पिछले दस साल से ज्यादा समय से बोको हराम और इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस जैसे आतंकी संगठन एक्टिव हैं। इन हमलों में अब तक हजारों लोगों की जान जा चुकी है और हालात अब भी गंभीर बने हुए हैं। नाइजीरिया में ईसाइयों पर हमले क्यों हो रहे नाइजीरिया की 22 करोड़ की आबादी लगभग बराबरी से मुस्लिम और ईसाई समुदाय में बंटी है। देश में बोको हराम जैसे कट्टरपंथी इस्लामी संगठन लंबे समय से हिंसा कर रहे हैं। खासकर देश के उत्तरी हिस्सों में होनी वाली हिंसा का शिकार ईसाई के साथ-साथ मुस्लिम समुदाय भी होता आ रहा है। कई जगह ये हमले धार्मिक कारणों से, तो कई जगह जमीन, जातीय संघर्ष या आतंकवादी नेटवर्क की वजह से होते हैं। अमेरिका ने 2020 में पहली बार नाइजीरिया को धार्मिक स्वतंत्रता का उल्लंघन करने वाले देशों की सूची में रखा था। 2023 में यह टैग हटा लिया गया, जिसे दोनों देशों के रिश्तों को सुधारने की कोशिश के तौर पर देखा गया था। ————————– ये खबर भी पढ़ें… आज का एक्सप्लेनर:नाइजीरिया में 7 हजार ईसाई मारे, स्कूलों से लड़कियां तक किडनैप; आखिर चाहते क्या हैं इस्लामिक आतंकी, ट्रम्प स्ट्राइक की तैयारी में

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *