धार शहर की बसंत विहार कॉलोनी में गुरुवार को एक मकान में आग लग गई। सोफा और गद्दे बनाने का लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। आगजनी में करीब 8 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान बताया गया है। यह मकान कृष्णा प्रजापत का है, जो सोफे और गद्दे बनाने का काम करते हैं। सोफे के गद्दे, फोम और फर्नीचर बनाने का कच्चा माल रखा हुआ था। आग लगने का कारण वेल्डिंग की चिंगारी बताया जा रहा है। घटना के समय पास के एक मकान की छत पर वेल्डिंग का काम चल रहा था। वेल्डिंग से निकली एक चिंगारी नीचे रखे फोम पर गिरी, जिससे आग तेजी से फैल गई और उसने विकराल रूप ले लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही कॉलोनी में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत अपने घरों से पानी की मोटर चलाकर आग बुझाने का प्रयास किया। नगर पालिका के दो दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मकान मालिक कृष्णा प्रजापत के अनुसार, उनकी सोफे और गद्दे बनाने की दुकान है और सारा कच्चा माल इसी मकान में रखा था। वेल्डिंग की चिंगारी से लगी इस आग में उन्हें लगभग 8 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग लगने के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।


