कुशीनगर में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी कार्यालय रविंद्र नगर और फाजिलनगर विधानसभा के दुदही स्थित अटल बिहारी वाजपेयी प्रतिमा स्थल पर हुआ। इस दौरान अटल जी के राष्ट्रसेवा से परिपूर्ण जीवन को याद किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपना संपूर्ण जीवन मातृभूमि की सेवा में समर्पित किया। उन्होंने अटल जी के प्रसिद्ध कथन को दोहराया कि “भारत भूमि का टुकड़ा नहीं, यह एक जागता राष्ट्रपुरुष है। इसका कण-कण पवित्र शंकर सा, नदियां गंगा समान हैं, यह वंदन एवं अभिनंदन की भूमि है। हम जिएंगे भी राष्ट्र के लिए एवं मरेंगे भी राष्ट्र के लिए।” दुर्गेश राय ने कहा कि अटल जी के ये भाव आज भी करोड़ों लोगों को प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अटल जी की जन्मशताब्दी के अवसर पर भारत को समृद्ध, शक्तिशाली और विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यही स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। पूर्व जिलाध्यक्ष लल्लन मिश्र ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र निर्माण, जनसेवा और सुशासन के लिए समर्पित रहा। उन्होंने पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और पवित्रता के साथ राजनीति की जो परंपरा स्थापित की, वह अमृतकाल में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी के लिए मार्गदर्शक है। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, पडरौना नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल, पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि धन्नजय तिवारी, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश चौधरी, सुदर्शन पाल, संतोष दत्त राय, विजय कुमार शुक्ल, विवेकानंद शुक्ल, विश्वरंजन कुमार आनंद, नमो नारायण मौर्य, बंका सिंह, भीखम प्रसाद, चंद्र प्रभा पाण्डेय, इंजीनियर मनोज सिंह, रूपम सिंह, मीनू जिंदल, निशांत शुक्ल, अशोक पाण्डेय, वरुण राय, मुकेश सिंह, भुवनेश्वर त्रिपाठी, विजय कुमार सोनी, रामजीत चौहान, दिनेश राय और अरुण राय सहित दर्जनों पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


