हरदोई में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर जिला पंचायत परिसर में एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने किया। अजीत सिंह बब्बन ने फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और अटल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को अटल जी के संघर्ष, विचारधारा और देश के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करेगी। अटल जी ने राजनीति में शुचिता, संवाद और सहमति की परंपरा को मजबूत किया, जो आज भी देश की राजनीति के लिए मार्गदर्शक है। बब्बन ने कहा कि अटल जी का सपना एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का था, जिसे साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों को अपने व्यवहार में उतारते हुए संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार अटल जी के सपनों के भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। अजीत सिंह ने अटल बिहारी वाजपेयी को एक कुशल प्रशासक के साथ-साथ संवेदनशील कवि, प्रखर वक्ता और सर्वमान्य राजनेता बताया। उन्होंने पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसे ऐतिहासिक निर्णयों को उनके दूरदर्शी नेतृत्व का प्रमाण बताया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह, प्रीतेश दीक्षित, जिला मीडिया प्रभारी गांगेश पाठक, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अलका गुप्ता, महामंत्री रीना गुप्ता, सोशल मीडिया प्रमुख प्रद्युम्न आनंद मिश्रा, नगर अध्यक्ष मुदित बाजपेई, पूर्व नगर अध्यक्ष अजीत उपाध्याय, नगर उपाध्यक्ष मुनि मिश्रा, शुभम लोहिया, नगर महामंत्री अंकित पांडे, नगर मंत्री प्रियंका सिंह, शोभना सिंह, कपिल मोहन गुप्ता, आयुष सिंह, गौरव ठाकुर, आदेश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


