Winter Vacation 2025: बजट है कम लेकिन जगह में होना चाहिए दम! छुट्टियों को यादगार बना देंगे UP के 5 शहर

Winter Vacation 2025: बजट है कम लेकिन जगह में होना चाहिए दम! छुट्टियों को यादगार बना देंगे UP के 5 शहर

Winter Vacation 2025: अगर आप सर्दियों की छुट्टियों के दौरान घूमने की योजना बना रहे हैं, लेकिन खर्च को लेकर परेशान हैं, तो उत्तर प्रदेश के 5 प्रमुख ऐतिहासिक और धार्मिक शहरों की यात्रा आपके लिए शानदार विकल्प बन सकती है। इस टूर की खास बात यह है कि पूरी यात्रा का अनुमानित खर्च मात्र 10 से 12 हजार रुपये के बीच रखा जा सकता है। कम बजट में घूमने के शौकीन लोगों के साथ-साथ इतिहास में रुचि रखने वाले और धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह सफर एकदम उपयुक्त और यादगार साबित हो सकता है।

आगरा

आगरा शहर सैलानियों की पसंदीदा सूची में हमेशा शीर्ष पर बना रहता है। यहां दुनिया में प्रसिद्ध ताजमहल है। जिसे दुनिया भर में प्रेम की सबसे खूबसूरत मिसाल माना जाता है। सफेद संगमरमर से निर्मित यह भव्य स्मारक मुगल बादशाह शाहजहां ने अपनी बेगम मुमताज महल की याद में बनवाया था।

ताजमहल की खूबसूरती देखने के लिए हर साल देश-विदेश से लाखों पर्यटक यहां पहुंचते हैं। अगर आप इसकी सुंदरता को अपने सबसे बेहतरीन रूप में देखना चाहते हैं, तो पूर्णिमा की रात का समय सबसे खास माना जाता है। चांदनी में नहाया ताजमहल का नज़ारा बेहद मनमोहक और यादगार होता है।

अयोध्या

अयोध्या नगरी अपनी धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत के कारण सदियों से आस्था का प्रमुख केंद्र रही है। सरयू नदी के तट पर बसा यह पवित्र नगर भगवान श्रीराम की जन्मभूमि के रूप में जाना जाता है, जिस वजह से हिंदू धर्म में इसका विशेष महत्व है। मान्यताओं के अनुसार, अयोध्या में 4 जैन तीर्थंकरों का भी जन्म हुआ था, जो इसकी धार्मिक महत्ता को और बढ़ाता है। यदि आप आस्था, इतिहास और संस्कृति से जुड़ी जगहों की यात्रा करना चाहते हैं, तो अयोध्या को अपनी यात्रा सूची में जरूर शामिल करना चाहिए।

मथुरा और वृंदावन

मथुरा और वृंदावन एक-दूसरे से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं। मथुरा को भगवान श्री कृष्ण का जन्मस्थान माना जाता है, इसलिए यह हिंदू धर्म के सात पवित्र शहरों में शामिल है। यहां हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। वृंदावन की यमुना आरती और मथुरा की जन्माष्टमी व होली के समय की धूम इसे और खास बनाती है। वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर और इस्कॉन मंदिर पर्यटकों और भक्तों के लिए महत्वपूर्ण आकर्षण स्थल हैं।

बनारस

‘मोक्ष की नगरी’ भी बनारस को कहा जाता है। कहा जाता है कि जो भी इस शहर में एक बार कदम रखता है, वह कहीं ना कहीं बनारस से जुड़ जाता है। यह शहर सिर्फ देखने के लिए नहीं, बल्कि अनुभव करने के लिए भी बहुत कुछ देता है। काशी विश्वनाथ मंदिर और बौद्ध धर्म का प्रमुख स्थल सारनाथ हर यात्री की लिस्ट में शामिल रहता है। बनारस के घाटों पर बैठकर ढलते सूरज का नजारा एक अनोखा सुकून देता है। शाम की गंगा आरती का दिव्य दृश्य मन को शांति से भर देता है।

झांसी

झांसी, उत्तर प्रदेश का एक ऐसा शहर है जो इतिहास प्रेमियों को आकर्षित करता है। इसके गौरवशाली अतीत और प्राचीन किले इसे देखने लायक बनाते हैं। यह शहर रानी लक्ष्मीबाई के कारण प्रसिद्ध है, जहां आप भव्य झांसी किला (झांसी फोर्ट) का दीदार कर सकते हैं। अगर आप झांसी घूमने जा रहे हैं, तो मात्र 13 किलोमीटर दूर स्थित ओरछा की भी सैर कर सकते हैंष ओरछा का अनोखा वास्तुकला और शांत वातावरण इसे हाल के वर्षों में मुख्य पर्यटन स्थलों में से एक बना चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *