दमोह. प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव को लेकर ईसाई समुदाय में भारी उत्साह है। क्रिसमस को अब दो दिन ही रह गए हैं, ऐसे में तैयारियां फाइनल स्टेज पर पहुंच गई हैं। चर्च आकर्षक तरीके से सजाए जा रहे हैं। घरों को भी सजाया गया है। वहीं घरों में गोशाला बनाई गई है, जिसमें प्रभु यीशु का जन्म हुआ था। इतना ही नहीं ईसाई समुदाय के लोगों द्वारा घर-घर जाकर केरोल गान किया जा रहा है।
क्रिश्चियन कॉलोनी में रहने वाली सारा ईसाई ने बताया प्रभु के जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। घर में ही गोशाला बनाई गई है। जहां प्रभु यीशु का जन्म हुआ था। 25 दिसंबर को प्रभु यीशु का जन्मदिन क्रिसमस धूमधाम से मनाया जाएगा। प्रभु के जन्म को लेकर ईसाई समुदाय के लोगों में खासा उत्साह है। लगभग एक सप्ताह पहले से ही तैयारी शुरू कर दी गई है। घर-घर केरोल गान किया जा रहा है।
क्रिसमस पर्व को लेकर चर्च में भी तैयारी शुरू हो गई है। मिशन कंपाउंड में स्थित चर्च को इस समय आकर्षक साज सज्जा और लाइट्स से सजाया जा रहा है। यहां मौजूद मसीही समाज के लोगों ने बताया कि प्रभु यीशु के जन्म की खुशियां घर-घर जाकर केरोल के माध्यम से दी जा रही है। गीत संगीत किया जा रहे हैं। प्रभु के आने का संदेश दिया जा रहा है। कार्यक्रमों की शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि नए वर्ष के आगमन तक कार्यक्रम चलता रहता है। सभी कार्यक्रमों को लेकर रूपरेखा तैयार की गई है।
25 दिसंबर को क्रिसमस पर्व मनाया जाएगा। इस मौके पर जहां चर्च में आराधना होगी। इसके लिए भी समाज के वरिष्ठ जन तैयारियों को अंतिम टच देने में लगे हुए हैं। चर्च को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है। वहीं प्रभु यीशु के जन्मदिन क्रिसमस पर्व को लेकर अब बाजार में सांता क्लॉज नजर आने लगे हैं। इसके साथ ही सजावटी सामग्री की बिक्री भी हो रही है। क्रिसमस ट्री, स्टार से घरों में सजावट करने के लिए भी युवा उत्साहित नजर आ रहे हैं।
दमोह में क्रिसमस पर्व की तैयारी शुरू: ईसाई समुदाय के लोगों में खासा उत्साह


