मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मंगलवार को धार्मिक नगरी अयोध्या पहुंचे। परिवार के साथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन-पूजन किए और इसके बाद हनुमानगढ़ी में भी विधिवत पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि की कामना की। उपमुख्यमंत्री का अयोध्या आगमन श्रद्धा और आस्था से ओतप्रोत रहा। दर्शन-पूजन के उपरांत उपमुख्यमंत्री देवड़ा परिवार सहित सरयू तट पर आयोजित भव्य सरयू आरती में शामिल हुए। आरती के दौरान उन्होंने मां सरयू से देश में शांति, एकता और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। सरयू तट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने भी उपमुख्यमंत्री की उपस्थिति को लेकर उत्साह जताया। मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि राम जन्मभूमि और राम मंदिर देश का प्राण हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्श आज भी देश को मार्गदर्शन देते हैं। हालिया राष्ट्रीय घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल की घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि इस पर सरकार पूरी तरह चिंतित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन विषयों को लेकर अत्यंत गंभीर हैं और देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था तथा सामाजिक सौहार्द सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने बताया कि उन्होंने रामलला से प्रार्थना की है कि भारत विश्व गुरु बने और पूरी दुनिया में शांति, सद्भाव और मानवता का संदेश फैलाए। अयोध्या दौरे के दौरान स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


