सरोदा थाना पुलिस ने चाकू से हमले के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह हमला गाली गलौज करने से मना करने पर किया गया था। पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है। सरोदा थानाधिकारी के अनुसार यह घटना 21 दिसंबर की रात सरोदा गांव में हुई थी। सरोदा निवासी चिरायु पंचाल और उनके दोस्त नकुल सेवक खेतों से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। नीलकंठ मोड़ के पास बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका। इसके बाद बदमाशों ने गाली गलौज शुरू कर दी। जब चिरायु और नकुल ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। चिरायु पर ताबड़तोड़ तीन बार चाकू से हमला किया गया, जिससे उनके सीने के दोनों तरफ और पेट पर चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए नकुल की भी उंगलियां कट गईं। लहूलुहान हालत में चिरायु वहीं गिर गए और हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद दोनों घायलों को सागवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिरायु की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया। पुलिस ने छानबीन करते हुए आरोपी गोपाल (26) पुत्र केशवलाल पाटीदार और संजय (19) पुत्र शिवराम पाटीदार दोनों निवासी करियाणा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली है।


