संतकबीरनगर में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस पर किसान सम्मान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर डीएम आलोक कुमार ने 26 किसानों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ सभी किसानों को बिना किसी भेदभाव के मिलेगा, और लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। यह जनपद स्तरीय किसान सम्मान दिवस कबीर चौरा परिसर स्थित संत कबीर अकादमी ऑडिटोरियम में मंगलवार को आयोजित किया गया। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी जय केस त्रिपाठी भी उपस्थित रहे। किसान मेले में उन्नत कृषि तकनीकों, जैविक खेती, उन्नत बीज, उर्वरक, कृषि यंत्र, पशुपालन, मधुमक्खी पालन और फसल विविधीकरण से संबंधित विभिन्न स्टॉल लगाए गए थे। जिलाधिकारी आलोक कुमार और सीडीओ जय केस त्रिपाठी ने सभी स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना और उनके नवाचारों की सराहना की। जिलाधिकारी ने किसानों को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि कृषि विभाग से संबंधित योजनाओं के लाभ में किसी को कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। आलोक कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे किसानों को योजनाओं की जानकारी समय पर उपलब्ध कराएं और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारियों और विशेषज्ञों ने किसानों को उन्नत खेती, प्राकृतिक खेती, फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषि यंत्रीकरण और जल संरक्षण जैसी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। किसानों ने भी अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। कार्यक्रम के दौरान कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषि, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग और मत्स्य विभाग के चयनित 26 किसानों को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित किसानों ने अन्य किसानों को भी उन्नत खेती के लिए प्रेरित करने की बात कही।


