मंडी रोड पर व्यापारी के मुनीम के साथ हुई दिनदहाड़े लूट की वारदात के बाद से मंडी व्यापारियों में खासा आक्रोश है। घटना के बाद से मंडी व्यापारी हड़ताल पर है। जिससे मंडी में होने वाली डाक प्रभावित हो रही है और किसान अपनी उपज का विक्रय नहीं कर पा रहे है। वहीं व्यापारी अभी तक हुई पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। उनका कहना है जब तक व्यापारियों की मांगे पूरी नहीं हो जाती मंडी में डाक शुरू नहीं करेगें।
दरअसल व्यापारी आरोपियों की गिरफ्तारी व अन्य मांगों को लेकर हड़ताल कर रहें। व्यापारियों का कहना है कि जबतक पुलिस सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर लूट की रकम बरामद नहीं कर लेती तबतक कोई काम नहीं किया जाएगा। मंडी अध्यक्ष महेश साहू ने कहा कि पुलिस अभी तक आरोपियों को हिरासत में नहीं ले पाई है। स्थानीय लोगों ने जिसे पकड़ा था उसके अलावा एक ही आरोपी गिरफ्तार हुआ है।
व्यापारियों की मांग है कि भाग्योदय से लेकर मंडी तक लाइट की व्यवस्था की जाएं। साथ ही उन्होंने मंडी परिसर के सामने से अतिक्रमण हटाया जाए। मंडी के आसपास की बस्ती में रहने वाले कुछ असामाजिक तत्व ही इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे है। पुलिस को यहां निगरानी बढ़ानी चाहिए या फिर यहां से अतिक्रमण हटाना चाहिए।
व्यापारियों से मिलने मंडी पहुंचे कांग्रेस नेता चौधरी
इधर कांग्रेस नेता सुरेन्द्र चौधरी सोमवार को कृषि उपज मंडी पहुंचे। जहां उन्होंने व्यापारी पंकज केशरवानी और अनाज व तिलहन व्यापारी संघ के अध्यक्ष और पदाधिकारियों घटना की जानकारी ली। चौधरी ने पुलिस प्रशासन की कार्य प्रणाली पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा था कि जिले में घटित होने वाले अपराधों के लिए जिले के अधिकारी ही जिम्मेदार होंगे। इसके बाद भी जिले में लगातार घटित लूट व आपराधिक घटनाओं पर ठोस कार्रवाई नही की जा रहीं है। इस दौरान रवि उमाहिया, संदीप चौधरी, सागर अनाज एवं तिलहन व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेश साहू, उपाध्यक्ष विनीत सिंह, ऋषभ जैन, अजय केशरवानी, प्रदीप कुमार जैन, पंकज केशरवानी सहित व्यापारी संघ के पदाधिकारी व व्यापारी आदि मौजूद थे।


