Ambani vs Adani wealth comparison: साल 2025 रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और अडानी समूह के प्रमुख गौतम अडानी के लिए अच्छा रहा। दोनों ने मार्केट पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए। कारोबारी गतिविधियों में उछाल के चलते दोनों की कमाई में भी जबरदस्त इजाफा हुआ। इस साल अब तक दोनों की नेटवर्थ में अच्छी-खासी वृद्धि हुई है, लेकिन सवाल यह है कि लक्ष्मी की कृपा दोनों में से किसे अधिक मिली?
Ambani के पास इतनी दौलत
मुकेश अंबानी अरबपति कारोबारियों की लिस्ट में 18वें स्थान पर हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के अनुसार, उनके पास कुल 108 अरब डॉलर की संपत्ति है। साल 2025 कमाई के लिहाज से उनके लिए अच्छा रहा है। इस साल अब तक उन्होंने अपनी नेटवर्थ में 17.8 अरब डॉलर जोड़े हैं। जबकि बीते 24 घंटों में इसमें 242 मिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन अंबानी के पास एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का ताज भी है।
Adani इतनी दौलत के मालिक
अडानी समूह के प्रमुख गौतम अडानी इस लिस्ट में 20वें नंबर पर हैं। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट से पहले तक अडानी टॉप-10 में शामिल थे, लेकिन बाद में फिसलते चले गए। हालांकि, वह शानदार तरीके से वापसी भी कर रहे हैं। गौतम अडानी की नेटवर्थ 85.5 अरब डॉलर है। इस साल अब तक उनकी दौलत में 6.78 अरब डॉलर की वृद्धि हुई है। बीते 24 घंटों में उन्होंने 467 मिलियन डॉलर कमाए हैं।
Elon Musk ने सबसे ज्यादा कमाए
इस साल सबसे ज्यादा कमाई टेस्ला के चीफ एलन मस्क (Elon Musk) ने की है। उन्होंने अपनी नेटवर्थ में 215 अरब डॉलर जोड़ें हैं और उनकी कुल दौलत बढ़कर 647 अरब डॉलर पहुंच गई है। एलन मस्क यह मुकाम हासिल करने वाले एकमात्र व्यक्ति हैं। पिछले 24 घंटों में उन्होंने 5.40 अरब डॉलर कमाए हैं। डोनाल्ड ट्रंप का साथ छोड़कर एलन मस्क अब अपने बिजनेस पर फोकस कर रहे हैं। हाल ही में टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में 2018 के वेतन पैकेज को बहाल करने के अदालत के फैसले से उनकी दौलत में एकदम से उछाल आया है।
Jeff Bezos चौथे सबसे अमीर
दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स गूगल के पूर्व सीईओ Larry Page हैं। उनकी कुल संपत्ति 267 अरब डॉलर की है और इस साल अब तक उन्होंने 98.3 अरब डॉलर कमाए हैं। जबकि बीते 24 घंटों में यह आंकड़ा 2.27 अरब डॉलर रहा है। तीसरे नंबर पर 252 अरब डॉलर की दौलत के साथ Larry Ellison हैं। इस साल अब तक उन्होंने 60.1 अरब डॉलर कमाए हैं। चौथे स्थान पर अमेजन फाउंडर Jeff Bezos हैं, जो 251 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं। इस साल उनकी नेटवर्थ में 12.2 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। 5वें नंबर पर Sergey Brin हैं। उनकी कुल नेटवर्थ 248 अरब डॉलर है और इस साल अब तक उन्होंने 89.6 अरब डॉलर कमाए हैं।


