महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों (Nagar Parishad and Nagar Panchayat Election Result 2025) में सत्ताधारी महायुति गठबंधन ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाडी (MVA) को बड़े अंतर से पछाड़ दिया है। राज्य निर्वाचन आयोग (SEC) द्वारा जारी अंतिम आंकड़ों के अनुसार, 288 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में से महायुति ने अध्यक्ष के 207 पदों पर जीत का परचम लहराया है। वहीं, विपक्षी गठबंधन MVA केवल 44 सीटों पर ही सिमट गया।
महायुति की ‘सुनामी’, बीजेपी नंबर 1 पर
इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक बार फिर अपनी संगठनात्मक शक्ति का लोहा मनवाया है। महायुति के भीतर अकेले भाजपा ने 100 का आंकड़ा पार किया है। भाजपा 117 अध्यक्ष पद जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी। जबकि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने 53 पदों पर जीत के साथ दूसरे स्थान पर रही। वहीं, अजित पवार नीत एनसीपी ने 37 पदों पर कब्जा जमाया।
विपक्ष ढेर, लेकिन कांग्रेस की बची साख
महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे महाविकास अघाड़ी के लिए काफी निराशाजनक रहे। कांग्रेस 28 सीटों के साथ विपक्षी गठबंधन में सबसे आगे रही। जबकि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) केवल 9 सीटें जीत सकी। वहीं, शरद पवार की एनसीपी 7 सीटों पर सिमट गई।
अन्य दलों और निर्दलीयों का प्रभाव
निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चुनाव में गैर-मान्यता प्राप्त लेकिन पंजीकृत दलों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अध्यक्ष के 28 पदों पर जीत दर्ज की। इसके अलावा, 5 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाजी मारी, जबकि अन्य पंजीकृत पार्टियों के खाते में 4 सीटें गईं।
PM मोदी हुए गदगद
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को महाराष्ट्र की जनता द्वारा दिए गए भारी समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। पीएम मोदी ने कहा कि यह नतीजे जनकेंद्रित विकास में जनता के विश्वास को दर्शाता है।
पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘महाराष्ट्र विकास के साथ मजबूती से खड़ा है। नगर परिषद और नगर पंचायत चुनाव में भाजपा और महायुति को आशीर्वाद देने के लिए महाराष्ट्र की जनता का आभारी हूं। यह जनकेंद्रित विकास के हमारे दृष्टिकोण में विश्वास को दर्शाता है। हम राज्यभर के प्रत्येक नागरिक की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए नयी ऊर्जा के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ प्रधानमंत्री ने जमीनी स्तर पर किए गए अथक परिश्रम के लिए भाजपा और महायुति के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं की सराहना की।
महाराष्ट्र में महायुति का ‘क्लीन स्वीप’
महायुति की यह जीत आगामी नगर निगम चुनावों के लिए एक मजबूत संकेत मानी जा रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व अजित पवार के साझा नेतृत्व पर जनता ने अपनी मुहर लगा दी है। वहीं, एमवीए के लिए ये नतीजे आत्ममंथन का विषय हैं, खासकर ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में उनकी पकड़ कमजोर होती दिख रही है।


