भास्कर न्यूज | गिरिडीह गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड स्थित पिहरा गांव निवासी रामदुल साव का दिल्ली के अलीपुर में निधन हो गया। रामदुल साव दिल्ली स्थित केआरडी एग्रो फूड कंपनी में कार्यरत थे। वे अपने पीछे पत्नी नीलम देवी और एक छोटी बच्ची छोड़ गए हैं। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य के अचानक चले जाने से घर में शोक का माहौल छा गया। झारखंड एकता संघ (दिल्ली) के पदाधिकारी पीड़ित परिवार के समर्थन में आगे आए। संघ के राष्ट्रीय महासचिव सुनील कुमार वर्मा, नया बाजार कमेटी टीम के अध्यक्ष सुमन यादव, उपाध्यक्ष मुन्ना यादव, और राजधनवार विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी संजय यादव सहित अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और परिवार की स्थिति का जायजा लिया। संघ के प्रयासों के परिणामस्वरूप मृतक की पत्नी नीलम देवी को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत कराई गई। परिवार के लिए पार्थिव शरीर को दिल्ली से उनके पैतृक गांव तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए कंपनी ने एम्बुलेंस की व्यवस्था की। संघ के इस सेवा भाव और त्वरित कार्रवाई की ग्रामीण और शहर के लोगों ने सराहना की। बड़की सरिया | सरिया थाना क्षेत्र के परसिया पंचायत के बगड़ो निवासी प्रवासी मजदूर मनोज ठाकुर (37) का मुंबई में असामयिक निधन हो गया। मनोज ठाकुर पिता रामेश्वर ठाकुर कुछ दिनों से तबीयत खराब रहने के कारण मुंबई में रहते हुए इलाज के दौरान चल बसे। मृतक मनोज ठाकुर मुंबई में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पीछे पत्नी, दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। परिवार के एक मात्र कमाऊ सदस्य के चले जाने से घर पर भारी दुख का माहौल है। विधायक नागेन्द्र महतो मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।


