GK Question: दिल्ली नहीं, ये थे राजधानी के 3 पुराने नाम- जानकर चौंक जाएंगे आप

GK Question: दिल्ली नहीं, ये थे राजधानी के 3 पुराने नाम- जानकर चौंक जाएंगे आप

Old Names Of Delhi: दिल्ली भारत की राजधानी है। देश-दुनिया से लोग यहां घूमने आते हैं। दिल्ली का इतिहास बहुत पुराना और समृद्ध है। लेकिन क्या आप जानते हैं दिल्ली का यह नाम हमेशा से नहीं था। दिल्ली के कई पुराने नाम रहे हैं? आज हम जिस शहर को नई दिल्ली के नाम से जानते हैं, उसका नाम और स्वरूप समय-समय पर बदलता रहा है। इतिहास में कई शाशकों ने यहां राज किया है। आइये जानते हैं दिल्ली के पुराने नाम क्या-क्या थे।

GK Question: Old Names Of Delhi

इंद्रप्रस्थ- पौराणिक काल की राजधानी

दिल्ली का सबसे प्राचीन नाम इंद्रप्रस्थ माना जाता है, जिसका उल्लेख महाकाव्य ‘महाभारत’ में मिलता है। यह पांडवों की राजधानी थी और माना जाता है कि यह यमुना नदी के किनारे बसी हुई थी। इतिहासकारों के अनुसार, आज का पुराना किला उसी इंद्रप्रस्थ क्षेत्र का हिस्सा हो सकता है। यह नाम हजारों साल पुराने पौराणिक काल से जुड़ा हुआ है।

लाल कोट/किला राय पिथौरा- राजपूत काल की पहचान

लगभग 8वीं शताब्दी में तोमर वंश के राजा अनंगपाल तोमर ने दिल्ली क्षेत्र में एक किले का निर्माण कराया, जिसे लाल कोट कहा गया। 12वीं शताब्दी में पृथ्वीराज चौहान ने इसका विस्तार किया और इसे किला राय पिथौरा नाम दिया।

शाहजहानाबाद- मुगल दौर की शान

17वीं शताब्दी में मुगल बादशाह शाहजहां ने एक नए शहर की नींव रखी, जिसे शाहजहानाबाद नाम दिया गया। यह शहर चारदीवारी से घिरा हुआ था और आज इसे पुरानी दिल्ली के नाम से जाना जाता है। 1648 ईस्वी में शाहजहां ने मुगल राजधानी को आगरा से शाहजहानाबाद स्थानांतरित कर दिया, जिससे दिल्ली एक बार फिर सत्ता का केंद्र बनी।

नई दिल्ली- आधुनिक भारत की राजधानी

ब्रिटिश शासन के दौरान 1911 में भारत की राजधानी को कलकत्ता से दिल्ली लाने का निर्णय लिया गया। इसके बाद एक नए शहर की योजना बनाई गई, जिसे प्रसिद्ध वास्तुकार एडविन लुटियंस और हर्बर्ट बेकर ने डिजाइन किया। 1931 में इस शहर का उद्घाटन हुआ और इसे आधिकारिक रूप से नई दिल्ली नाम दिया गया। इसके साथ ही पूरे क्षेत्र के लिए “दिल्ली” नाम स्थायी रूप से प्रचलित हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *