बालोतरा में जिला परिवहन कार्यालय द्वारा बालवाहिनी चालकों को परिवहन नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन निरीक्षक पुष्पेंद्र शर्मा ने विभिन्न विद्यालयों में बाल वाहिनियों का निरीक्षण किया और चालकों व संचालकों को विभागीय नियमों के अनुसार संचालन हेतु पाबंद किया। यह कार्रवाई राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित ‘सुशासन पखवाड़े’ के तहत की गई। इस पखवाड़े में विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिसमें परिवहन और सड़क सुरक्षा विभाग मुख्यालय के निर्देश पर यह पहल की गई। निरीक्षण के दौरान डीपीएस स्कूल सहित कई विद्यालयों में बाल वाहिनियों की जांच की गई। इस दौरान चालकों और उपस्थित स्कूल स्टाफ को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत ने बताया कि 11 से 25 दिसंबर तक सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में परिवहन निरीक्षक पुष्पेंद्र शर्मा और भारत जांगिड़ भी डीटीओ गहलोत के साथ शामिल हैं। गहलोत ने बताया कि जिले में 11 दिसंबर से ही विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी हैं और आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने आमजन से परिवहन विभाग के नियमों का पालन करने की अपील की।


