उन्नाव में घना कोहरा, कोल्ड-वे से जनजीवन अस्त-व्यस्त:हाईवे पर रेंग रहे वाहन, ट्रेनें हो रही लेट; न्यूनतम तापमान 10 डिग्री पर

उन्नाव में घना कोहरा, कोल्ड-वे से जनजीवन अस्त-व्यस्त:हाईवे पर रेंग रहे वाहन, ट्रेनें हो रही लेट; न्यूनतम तापमान 10 डिग्री पर

उन्नाव में रविवार सुबह घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। दृश्यता बेहद कम होने के कारण सड़क और रेल यातायात दोनों पर गहरा असर पड़ा। नेशनल हाईवे-27 और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घने कोहरे के कारण वाहन रेंगते हुए चले और चालकों को फॉग लाइट तथा हेडलाइट जलाकर धीमी गति से गाड़ी चलाने पर मजबूर होना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 81 प्रतिशत तक पहुंची आद्रता और ठंडी हवाओं ने सर्दी का असर और बढ़ा दिया। सुबह घर से निकलने वाले लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लिया, वहीं कई स्थानों पर लोग अलाव तापते दिखे। हाईवे के साथ-साथ शहर की प्रमुख सड़कों पर भी वाहन चालकों को अत्यधिक सावधानी बरतनी पड़ी। कम दृश्यता के कारण वाहनों की धीमी रफ्तार से कई जगहों पर जाम जैसी स्थिति भी बनी। प्रशासन ने वाहन चालकों से कोहरे के दौरान सतर्क रहने, तेज गति से वाहन न चलाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
3 तस्वीरों में देखिए कोहरा… घने कोहरे से रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। धुंध के कारण ट्रेनों की रफ्तार धीमी करनी पड़ी, जिससे कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं। यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर लंबा इंतजार करना पड़ा और उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा। 11124 बरौनी–ग्वालियर एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, गोमती एक्सप्रेस (12419), 64212 कानपुर–लखनऊ मेमू, कैफियत, दरभंगा और चित्रकूट एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं। ठंड और कोहरे के बीच यात्री लगातार ट्रेन की जानकारी के लिए घोषणाएं सुनते रहे। इस संबंध में उन्नाव रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक उदय कुमार सिंह ने बताया कि घने कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों की गति कम की गई है, इसी वजह से देरी हो रही है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *