आगरा में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग कार्यालय परिसर से चोरी:शातिरों ने चुराए सरकारी वाहनों के पार्ट्स, 20 कदम की दूरी पर थी पुलिस चौकी

शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और अब चोरों ने सरकारी वाहनों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, आगरा के विभागीय वाहन से दो रातों में की गई चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। खास बात यह है कि यह वारदात ईदगाह पुलिस चौकी से महज 20 कदम की दूरी पर हुई, फिर भी चोर बेखौफ रहे। विभागीय वाहन संख्या यूपी-32 बीजी-3844 में पहली चोरी 14 दिसंबर की रात हुई। इस दौरान चोरों ने वाहन के दोनों ओर लगे पैरदान और पंखे चोरी कर लिए और ऊपर लगी रैगजीन को भी फाड़ दिया। इसके अगले ही दिन, 15 दिसंबर की रात चोरों ने दोबारा वारदात को अंजाम दिया। इस बार वाहन का शीशा तोड़कर बैटरी, चार्जिंग सिस्टम, टॉवल, रीडिंग बुक समेत अन्य जरूरी सामान चोरी कर लिया गया। लगातार दो दिनों में वाहन को लगभग पूरी तरह नुकसान पहुंचाया गया। घटना की जानकारी 15 दिसंबर को पुरानी ईदगाह कॉलोनी चौकी प्रभारी को और 16 दिसंबर को थाना रकाबगंज में दी गई। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। इससे न सिर्फ विभागीय अधिकारियों में नाराजगी है, बल्कि आम लोगों में भी पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब पुलिस चौकी के पास ही सरकारी वाहन सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। जिला प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द कार्रवाई की मांग की गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *