इंदौर में बुधवार को एनआरआई महापर्व के चौथे संस्करण की शुरुआत बेहद उत्साह और रंगारंग माहौल के साथ हुई। इस आयोजन में 27 देशों से आए 220 से ज्यादा प्रवासी भारतीय शामिल हुए हैं। इंदौर एनआरआई फोरम की ओर से आयोजित इस महापर्व की अध्यक्षता महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने की। सुबह की शुरुआत यशवंत क्लब में हुई, जहां एनआरआई मेहमानों के लिए पारंपरिक भारतीय खेलों का आयोजन किया गया। गिल्ली-डंडा, कबड्डी, पतंग उड़ाना, लट्टू और लंगड़ी जैसे देसी खेलों में एनआरआई पूरे जोश के साथ शामिल हुए। खास बात यह रही कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी इन खेलों में शामिल हुए और प्रवासियों के साथ खूब मस्ती की। खेलों के साथ-साथ एनआरआई मेहमानों ने इंदौर के मशहूर नाश्तों का भी स्वाद लिया। इस पूरे आयोजन में भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक साफ नजर आई। हॉन्गकॉन्ग, स्वीडन, जापान, यूके, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, अमेरिका, स्पेन, शारजाह और जर्मनी सहित कई देशों से आए इंदौरी प्रवासी इस कार्यक्रम का हिस्सा बने। शाम को डेली कॉलेज में आयोजन शाम के समय डेली कॉलेज परिसर में बिजनेस समिट का आयोजन किया जाएगा। इसमें इंदौर के विकास, भविष्य और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी। समिट के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जहां भारतीय कला और संस्कृति की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम के समापन पर सभी विदेशी मेहमानों का पारंपरिक मालवी भोजन से स्वागत किया जाएगा, ताकि वे इंदौर की सांस्कृतिक विरासत और स्वाद को करीब से महसूस कर सकें।


