सागर नगर निगम ने शहर में बड़े संपत्ति कर बकायादारों को नोटिस जारी किए हैं। इसमें निजी संपत्तिकर के साथ ही शासकीय कार्यालय भी शामिल हैं। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने दिसंबर महीने को राजस्व वसूली माह घोषित कर अभियान चलाने और करों की वसूली तेज करने के निर्देश राजस्व विभाग को दिए हैं। अभियान के तहत संपत्तिकर, कचरा प्रबंधन शुल्क, जलकर और व्यवसायिक दुकानों का किराया आदि वसूली के लिए तेज कर दिया गया है। नगर निगम क्षेत्र की निजी और शासकीय संपत्तियों के बकाया कर राशि जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस में कर जमा करने की समय सीमा तय की गई है। समयसीमा में बकाया राशि जमा न करने पर नगर निगम अधिनियम की धाराओं के तहत संपत्ति कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। शासकीय बकायादारों को नोटिस नगर निगम ने कई शासकीय संस्थाओं को नोटिस जारी किया है। इनमें सुप्रिडेंट गवर्मेंट आईटीआई पर 32,08,533 रुपए, रेलवे स्टेशन 18,65,646 रुपए, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) 57,54,309 रुपए, पीडब्ल्यूडी अधिभोगी शासकीय क्वार्टर 9,36,156 रुपए, गर्ल्स डिग्री कॉलेज 9,20,823 रुपए, सहोद्रा राय शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज 7,52,506 रुपए, बीएमसी वॉयज हॉस्टल 6,74,739 रुपए, जिला अस्पताल 6,42,088 रुपए, हाईस्कूल स्वीडिश मिशन 5,89,763 रुपए, वन विभाग कॉलोनी 5,67,761 रुपए, जनजाति बालक छात्रावास कार्यालय 5,60,318 रुपए और जनता स्कूल 5,03,020 रुपए संपत्ति कर बकाया है। निजी संपत्तिकर के बड़े बकायादार निजी संपत्तिकर में भी कई बड़े बकायादार शामिल हैं। इनमें शोभाराम कालूराम 10,33,082 रुपए, जैन मंदिर ट्रस्ट कोठा मंदिर तारण तरण चैत्यालय 15,56,944 रुपए, भाग्योदय तीर्थ धर्मार्थ ट्रस्ट 7,78,902 रुपए, सेठ भगवानदास शोभालाल जैन 5,12,224 रुपए, मणीभाईयभाडाजी भाई पटेल शिवा पेपर हॉउस 4,41,459 रुपए, हरगुनदास/सुंदर दास पंजवानी 3,97,567 रुपए, गीता/उद्धवदास दरयानी 3,67,294 रुपए और गुरूद्वारा वेदी अध्यक्ष हरवंश गुरूद्वारा कमेटी 4,18,221 रुपए संपत्ति कर बकाया है। निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने सभी बकायादारों से अपील की है कि वे अपने बकाया संपत्तिकर को समय पर जमा कराएं और नगर निगम की आर्थिक मजबूती में सहयोग दें।


