बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र में एक युवती ने दो युवकों पर नहाते समय उसकी अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मंडावर थाने में तहरीर दी है। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़िता का आरोप है कि करीब एक वर्ष पहले गांव के दो युवकों ने उसके घर से लगे घेर में नहाते समय उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली थी। इसके बाद से वे उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल कर रहे थे। युवती के अनुसार, जब उसकी शादी तय हुई तो आरोपियों को इसकी जानकारी मिलते ही उन्होंने उसका मानसिक उत्पीड़न बढ़ा दिया। उसने बताया कि 10 नवंबर की शाम करीब 6 बजे जब वह अपने घेर में किसी काम से गई थी, तभी दोनों युवक वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने तमंचा दिखाकर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान पीड़िता की मां मौके पर पहुंच गईं। जिसके बाद दोनों आरोपी दीवार फांदकर जंगल की ओर भाग निकले। शादी में केवल तीन दिन शेष होने के कारण परिवार ने तत्काल मामला दर्ज नहीं कराया। पीड़िता की शादी 13 नवंबर को हुई और वह ससुराल चली गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने वीडियो और घटना की जानकारी पीड़िता के ससुराल पक्ष तक पहुँचाई और उसे छोड़ने का दबाव बनाया। अब पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। मंडावर के एसओ सुमित राठी ने बताया कि मामला संवेदनशील है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।


