हरदोई में मिशन शक्ति के तहत लैंगिक आधारित हिंसा के विरुद्ध 16 दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्वधर्म ह्यूमन केयर फ़ाउंडेशन और अनवरत फाउंडेशन ने शुक्लापुर के आदर्श सरस्वती ज्ञान मंदिर स्थित सुरभि सेंटर में एक जागरूकता सत्र आयोजित किया। इसमें प्रोजेक्ट सुरभि से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाओं और किशोरियों ने भाग लिया, जहां उन्हें सुरक्षा व अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। सत्र के दौरान प्रतिभागियों को लैंगिक हिंसा की पहचान, घरेलू और कार्यस्थल पर होने वाले उत्पीड़न, साइबर अपराध, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और उपलब्ध सरकारी सहायता तंत्र के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिवक्ता एवं कानूनी सलाहकार ऋतु सिंह और पल्लवी पांडेय ने महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनों और संरक्षण व्यवस्था पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भय या सामाजिक दबाव में चुप रहना हानिकारक हो सकता है, इसलिए पीड़िताओं को तुरंत कानूनी सहायता लेनी चाहिए। कार्यक्रम में स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने भी भाग लिया और मिशन शक्ति के तहत तत्काल हस्तक्षेप सेवाओं के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि महिलाओं से जुड़े उत्पीड़न के लिए 1090, साइबर अपराध के लिए 1930 और आपातकालीन सहायता के लिए 112 नंबर संचालित हैं, जिन पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है। इस दौरान प्रतिभागियों को जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई। प्रतिभागी महिलाओं ने बताया कि अब उन्हें यह विश्वास मिला है कि किसी भी हिंसा की स्थिति में सहायता उपलब्ध है और वे अकेली नहीं हैं। कार्यक्रम का संचालन शैलेश सिंह, रफ़त अबिद और अभिषेक जालान ने किया। आयोजकों ने कहा कि समुदाय को अधिक सशक्त बनाने के लिए सुरक्षा, डिजिटल साक्षरता और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने हेतु ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।


