फतेहपुर में होली पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने एक विशेष अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान कुल 962 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई और दो विधिक नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। यह अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश तथा जिलाधिकारी के आदेश पर संचालित किया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित के नेतृत्व में टीम ने सोमवार सुबह रामगंज पक्का तालाब स्थित सोना फूड प्रोसेसिंग यूनिट (सीएसके मसाला निर्माण इकाई) पर छापा मारा। यहां से बेसन का एक नमूना लिया गया और मौके पर 186 किलोग्राम बेसन जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 13,950 रुपये है। इसी क्रम में, टीम ने ढकौली स्थित राकेश ट्रेडर्स से बूंदी दाना का एक नमूना संग्रहित किया। इस प्रतिष्ठान से 776 किलोग्राम बूंदी दाना जब्त किया गया, जिसका अनुमानित मूल्य लगभग 1,25,000 रुपये बताया गया है।जब्त की गई सभी सामग्री के नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे खाद्य पदार्थों को ढककर रखें, स्वच्छता बनाए रखें, मिलावट रहित और मानक के अनुरूप उत्पाद ही बेचें। साथ ही, बिना लाइसेंस के कारोबार संचालित न करने की चेतावनी भी दी गई। अभियान के दौरान आमजन को मिलावट से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेश कुमार मिश्र और अनुराधा कुशवाहा भी शामिल थीं।


