मोरगंज बाजार में 80 दुकानें ध्वस्त:सहारनपुर नगर निगम ने नाला सफाई के लिए हटाया अतिक्रमण

मोरगंज बाजार में 80 दुकानें ध्वस्त:सहारनपुर नगर निगम ने नाला सफाई के लिए हटाया अतिक्रमण

सहारनपुर नगर निगम ने शहर के व्यस्त मोरगंज बाजार में नाला सफाई अभियान को सुचारु बनाने के लिए गुरुवार को सख्त कार्रवाई की। अभियान के तहत नालों की सफाई में बाधा बन रहे लगभग 80 दुकानों के बाहर बने थले और सीढ़ियों को जेसीबी व पोकलेन मशीनों की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर हड़कंप मच गया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, मोरगंज बाजार में लंबे समय से नालों की नियमित सफाई नहीं हो पा रही थी। इसकी प्रमुख वजह दुकानों के बाहर अवैध रूप से बनाए गए थले, चबूतरे और सीढ़ियां थीं, जिनके कारण सफाई कर्मियों और मशीनों का नालों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा था।
हाल ही में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों ने स्वयं नालों की सफाई न होने की समस्या को उठाया था। उसी बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि सफाई में बाधक अतिक्रमण को हटाया जाएगा। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह के नेतृत्व में अतिक्रमण दस्ता सुबह बाजार मोरगंज पहुंचा। दस्ते के साथ जेसीबी, पोकलेन मशीनें और चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मौजूद रहीं। जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भगत सिंह चौक से दालमंडी चौक तक नाले के ऊपर और आसपास बने थलों व सीढ़ियों को क्रमवार तरीके से हटाया गया, जिससे नाला सफाई अभियान का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया। प्रवर्तन दल प्रभारी ने बताया कि इस कार्रवाई की पूर्व सूचना दुकानदारों को दी गई थी। बुधवार शाम को बाजार में माइक के माध्यम से एनाउंसमेंट भी कराया गया था, ताकि किसी को अचानक परेशानी न हो। कार्रवाई के दौरान हटाए गए निर्माण का मलबा तत्काल ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर मौके से उठवा लिया गया, जिससे बाजार में आवागमन बाधित न हो। अभियान के दौरान प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच. बी. गुरुंग, हरिप्रकाश कसाना सहित प्रवर्तन दल की पूरी टीम मौजूद रही। सफाई निरीक्षक सुधाकर और अन्य कर्मचारी भी कार्रवाई में शामिल रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *