कुएं में डूबकर 8 साल के बच्चे की मौत:बुरहानपुर- पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव निकाला

कुएं में डूबकर 8 साल के बच्चे की मौत:बुरहानपुर- पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव निकाला

बुरहानपुर जिले के आदिवासी बहुल ग्राम दवाटिया में कुएं में डूबने से आठ साल के एक बालक की मौत हो गई। यह घटना बुधवार शाम की है। सूचना मिलने पर धूलकोट चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। गुरुवार को बुरहानपुर जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। मृतक बालक की पहचान दुर्गेश पिता राजेश (8) निवासी ग्राम दवाटिया, पानी फाल्या के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार शाम को हुई। धूलकोट चौकी के प्रधान आरक्षक कोमल वर्मा और आरक्षक संतोष दोगने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। देर रात करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों की सहायता से बालक के शव को कुएं से बाहर निकाला जा सका। इसके बाद शव को बुरहानपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार को उसका पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के मुताबिक, कुआं लगभग 35 फीट गहरा था, जिसमें करीब 18 फीट तक पानी भरा हुआ था। कुएं में उतरने के लिए तार की सीढ़ियां बनी हुई थीं। आशंका है कि दुर्गेश पानी भरने या पीने के लिए कुएं में उतरा होगा। उसकी दोनों चप्पलें कुएं के पास मिलीं, जिससे इस संभावना को बल मिलता है। पास में जाम का पेड़ होना भी एक कारण बताया जा रहा है। यह कुआं मृतक बालक के घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर एक खेत में स्थित है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक की मां का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है, और उसके पिता राजेश मजदूरी के लिए महाराष्ट्र गए हुए थे। घर में केवल बुजुर्ग दादी मौजूद थीं। दुर्गेश अपने परिवार का इकलौता बेटा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *