घरेलू गैस की कालाबाजारी…दुकान से 78 सिलेंडर जब्त:बिलासपुर में एजेंसी में भटकते रहे उपभोक्ता, बुकिंग नहीं हो रही, सर्वर भी डाउन

घरेलू गैस की कालाबाजारी…दुकान से 78 सिलेंडर जब्त:बिलासपुर में एजेंसी में भटकते रहे उपभोक्ता, बुकिंग नहीं हो रही, सर्वर भी डाउन

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई को लेकर पहले से ही मारामारी की स्थिति बनी हुई है। अब घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग को लेकर भी उपभोक्ताओं की परेशानियां बढ़ गई हैं। उपभोक्ता भीषण गर्मी में एजेंसियों के चक्कर लगाकर परेशान होते नजर आए। गुरुवार को कलेक्टर के निर्देश के बाद हरकत में आए खाद्य विभाग के अधिकारियों ने घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दुकान से 78 सिलेंडर जब्त किए हैं। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। दरअसल, शासन और तेल कंपनियां यह दावा कर रही हैं कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की कोई कमी नहीं है और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं, कई उपभोक्ताओं का कहना है कि वे पिछले कई दिनों से गैस सिलेंडर बुक कराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बुकिंग ही नहीं हो पा रही। टोल फ्री नंबर पर कॉल करने के बावजूद नंबर नहीं लग रहा है। कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि दर्जनों बार कॉल करने के बाद भी कॉल कनेक्ट नहीं हो रहा और अगर कभी लग भी जाए तो ओटीपी नहीं आ रहा, जिससे बुकिंग प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही। इसके अलावा सर्वर डाउन से उपभोक्ता परेशान हैं। देखिए पहले ये तस्वीरें- सर्वर डाउन होने से बढ़ी परेशानी गैस एजेंसियों से जुड़े लोगों का कहना है कि समस्या एजेंसियों की नहीं, बल्कि तकनीकी है। सर्वर डाउन होने के कारण यह दिक्कत आ रही है। सर्वर की समस्या के चलते न तो ऑनलाइन बुकिंग हो पा रही है और न ही ओटीपी जनरेट हो रही है। इस तकनीकी खराबी के चलते उपभोक्ताओं को बार-बार गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कई लोग सुबह से दोपहर तक लाइन में लगे रहते हैं, लेकिन बुकिंग नहीं हो पाने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। 2 से 3 दिन बाद भी बुकिंग नहीं तारबाहर चौक स्थित साईं गैस एजेंसी में बुधवार को उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर बुकिंग कराने पहुंचे, लेकिन सर्वर की समस्या के कारण अधिकांश लोगों की बुकिंग नहीं हो सकी। इस दौरान कई ऐसे उपभोक्ता भी नजर आए, जो पिछले कई दिनों से सिर्फ ओटीपी नहीं आने के कारण सिलेंडर बुक नहीं करा पा रहे हैं। घंटों इंतजार के बाद भी जब कोई समाधान नहीं मिला तो कई लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा। ऐसी ही स्थिति दूसरे गैस एजेंसियों में भी देखने को मिल रही है। 100 से ज्यादा बार कॉल करने के बाद भी नहीं लगा नंबर उपभोक्ता विजय गुप्ता ने बताया कि उन्होंने गैस बुकिंग के लिए 100 से ज्यादा बार कॉल किया, लेकिन कॉल कनेक्ट ही नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यह समस्या सिर्फ उनके साथ नहीं है, बल्कि कई अन्य उपभोक्ता भी इसी परेशानी से जूझ रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि कस्टमर केयर नंबर पर भी कॉल नहीं लग रहा है, जिससे उन्हें अपनी समस्या बताने का भी कोई माध्यम नहीं मिल पा रहा। कालाबाजारी की आशंका शहर में यह भी चर्चा है कि कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित होने के कारण कहीं घरेलू सिलेंडरों की कालाबाजारी की आशंका भी तो नहीं बढ़ रही। कुछ लोग आशंका जता रहे हैं कि होटल-रेस्टोरेंट संचालक घरेलू सिलेंडर का उपयोग करने की कोशिश कर सकते हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को दिक्कत हो सकती है। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कलेक्टर के निर्देश के बाद 78 सिलेंडर जब्त घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाने का दावा किया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल की समीक्षा बैठक के बाद खाद्य विभाग की टीम ने शहर में अभियान चलाकर जांच शुरू की। इस दौरान सरकंडा के महामाया चौक के पास स्थित श्री महामाया गैस रिफिलिंग दुकान पर छापेमारी कर 78 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान मौके से 70 खाली घरेलू सिलेंडर, 2 भरे हुए घरेलू सिलेंडर और 3 कमर्शियल सिलेंडर बरामद हुए। एक ही स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर मिलने से अधिकारी भी हैरान रह गए। सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक कलेक्टर के निर्देश के बाद जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर निगरानी के लिए टीम गठित की गई है। खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर के निर्देश पर टीम लगातार जांच कर रही है। एएफओ राजीव लोचन तिवारी ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि महामाया चौक स्थित श्री महामाया गैस रिफिलिंग दुकान में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर जमा किए गए हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। दुकान में लगा था ताला जब खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो दुकान बंद मिली और उस पर ताला लगा हुआ था। अधिकारियों ने दुकान खुलवाने के लिए कहा, लेकिन संचालक और वहां मौजूद लोग टालमटोल करते रहे। हालांकि टीम ने कार्रवाई जारी रखी और आखिरी में दुकान खुलवाकर अंदर जांच की। जांच के दौरान बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर पाए गए, जिन्हें विभाग ने मौके पर ही जब्त कर लिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *