77वां गणतंत्र दिवस: सीएम भजनलाल शर्मा ने किया ध्वजारोहण, अमर जवान ज्योति पर दी शहीदों को श्रद्धांजलि

77वां गणतंत्र दिवस: सीएम भजनलाल शर्मा ने किया ध्वजारोहण, अमर जवान ज्योति पर दी शहीदों को श्रद्धांजलि

Republic Day 2026: राजधानी जयपुर में 77वें गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति, उल्लास और गरिमा का वातावरण देखने को मिला। सुबह से ही शहर के प्रमुख स्थलों, सरकारी कार्यालयों, राजनीतिक दलों और सामाजिक संस्थाओं में ध्वजारोहण व कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गणतंत्र दिवस की शुरुआत प्रातः 7:30 बजे मुख्यमंत्री निवास पर ध्वजारोहण कर की।

इसके बाद मुख्यमंत्री सुबह 8 बजे बड़ी चौपड़ पहुंचे, जहां आयोजित समारोह में उन्होंने तिरंगा फहराया। सुबह 8:30 बजे वे भाजपा मुख्यालय पहुंचे और पार्टी के ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। सुबह 9:10 से 9:17 बजे के बीच मुख्यमंत्री अमर जवान ज्योति स्थल, जनपथ पहुंचे। जहां उन्होंने पुष्पचक्र अर्पित कर देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

Jaipur Celebrates 77th Republic Day

राज्य स्तरीय मुख्य समारोह सवाई मान सिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ। सुबह 9:30 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनला शर्मा ने परेड की सलामी ली और प्रदेशवासियों को संबोधित किया। परेड, झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को भव्य रूप दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों, पुलिस बल और अन्य टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट किया, जिसे दर्शकों ने सराहा।

Jaipur Celebrates 77th Republic Day

मुख्य समारोह के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय परिसर पहुंचे, जहां आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में भी उन्होंने शिरकत की। उधर, शहर भाजपा की ओर से बड़ी चौपड़ सहित अन्य स्थानों पर भी उत्साह के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया।

Jaipur Celebrates 77th Republic Day

जयपुर शहर के कोने-कोने में देशभक्ति का रंग नजर आया। सरकारी दफ्तरों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आवासीय कॉलोनियों में तिरंगा फहराया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई और कई जगह सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, देशभक्ति गीत, भाषण तथा बच्चों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। पूरे शहर में गणतंत्र दिवस का पर्व सौहार्द और गर्व के साथ मनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *