ऑनलाइन ठगी के 77 हजार रुपए वापस मिले:मिर्जापुर में 5 माह पहले ई-कॉमर्स साइट से हुई थी धोखाधड़ी

ऑनलाइन ठगी के 77 हजार रुपए वापस मिले:मिर्जापुर में 5 माह पहले ई-कॉमर्स साइट से हुई थी धोखाधड़ी

मिर्जापुर की शहर कोतवाली साइबर सेल टीम ने ऑनलाइन ठगी का शिकार हुई एक महिला के 77 हजार रुपए वापस दिलाए हैं। यह राशि एक कॉमर्स शॉपिंग साइट के माध्यम से हुई धोखाधड़ी के बाद पीड़िता के खाते में लौटाई गई। वासलीगंज मोहल्ले की निवासी सोनम श्रीवास्तव पत्नी सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने 23 अक्टूबर 2025 को ऑनलाइन धोखाधड़ी के संबंध में NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि एक कॉमर्स शॉपिंग साइट के जरिए उनके साथ 77हजार रुपए की ठगी हुई थी। शिकायत मिलने के बाद थाना कोतवाली शहर की साइबर सेल टीम ने मामले की गहन जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर, साइबर सेल टीम ने तकनीकी और बैंकिंग समन्वय के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई की। जांच के बाद, 20 फरवरी 2026 को, ठगी का शिकार बनी सोनम श्रीवास्तव के खाते में 77,000 रुपए की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक वापस कर दी गई। यह सफलता करीब पांच महीने की कड़ी मशक्कत के बाद मिली। धनराशि वापस मिलने पर, सोनम श्रीवास्तव ने साइबर सेल टीम की सराहना की और उन्हें धन्यवाद दिया। टीम ने उन्हें साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी और अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों से सतर्क रहने के लिए प्रेरित करने को कहा। इस सफलता में थाना कोतवाली शहर के थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा और महिला कांस्टेबल पारुल श्रीवास्तव के प्रयासों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *