भोपाल स्टेशन:प्लेटफॉर्म-6 का मार्ग बंद, रोज 75 हजार रेल यात्री परेशान

भोपाल रेलवे स्टेशन पर इन दिनों यात्रियों को आवागमन के दौरान भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मेट्रो निर्माण कार्य के चलते प्लेटफॉर्म-6 की ओर पहुंच मार्ग लगभग बाधित हो गया है, जिस कारण अधिकांश यात्री अब प्लेटफॉर्म-1 की ओर से ही स्टेशन पहुंच रहे हैं। इससे प्लेटफॉर्म-1 पर यात्रियों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थिति यह है कि स्टेशन के बाहर सड़क पर जाम के हालात बनने लगे हैं, खासतौर पर सुबह और शाम के पीक टाइम में परेशानी और बढ़ जाती है। ट्रेनों की आवाजाही बढ़ने के दौरान बड़ी संख्या में वाहन एक साथ स्टेशन पहुंचते हैं, जिससे सड़क पर लंबी कतारें लग जाती हैं और यात्रियों को समय पर स्टेशन पहुंचने में दिक्कत होती है। नियमों का पालन न होने से अव्यवस्था
इस समय स्टेशन पर रोज 75 हजार यात्रियों का आवागमन हो रहा है। ऐसे में एक ओर का रास्ता प्रभावित होने से पूरी व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। प्लेटफॉर्म-6 की ओर वाहन नहीं पहुंच पाने के कारण यात्रियों को मजबूरी में प्लेटफॉर्म-1 का उपयोग करना पड़ रहा है, जिससे वहां भीड़ बढ़ रही है। ड्रॉप एंड गो जोन में वाहन खड़े रहने से आवाजाही प्रभावित हो रही है। यह जोन केवल यात्रियों को उतारने और तुरंत आगे बढ़ने के लिए बनाया गया है, लेकिन नियमों का पालन नहीं होने से अंदर भी अव्यवस्था बनी हुई है। यात्रियों का कहना है कि कई बार उन्हें जाम में फंसकर ट्रेन छूटने का डर बना रहता है। खासतौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को अधिक परेशानी हो रही है। अभी समय लगेगा
मेट्रो निर्माण कार्य के चलते फिलहाल प्लेटफॉर्म-6 की ओर यातायात सामान्य होने में समय लगेगा। भोपाल डीआरएम पंकज त्यागी और सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने प्रशासन, निगम और पुलिस के साथ मिलकर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए योजना बनाना शुरू कर दिया है। ताकि आवागमन सुगम हो सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *