प्रयाग संगीत-समिति के शताब्दी समारोह 700 कलाकारों ने लिया भाग:भरतनाट्यम में अरात्रिका त्रिपाठी ने जीता प्रथम पुरस्कार

प्रयाग संगीत-समिति के शताब्दी समारोह 700 कलाकारों ने लिया भाग:भरतनाट्यम में अरात्रिका त्रिपाठी ने जीता प्रथम पुरस्कार

प्रयागराज में कला और संस्कृति की संस्था ‘प्रयाग संगीत समिति’ के शताब्दी स्थापना दिवस पर आयोजित नौ दिवसीय अखिल भारतीय संगीत प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। समिति के मेहता प्रेक्षागृह में हुए पुरस्कार वितरण समारोह में देश भर से आए युवा कलाकारों को सम्मानित किया गया। यह प्रतियोगिता 12 से 20 मार्च तक चली, जिसमें कोलकाता, दिल्ली, नागपुर, हैदराबाद, अहमदाबाद, लखनऊ और छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न शहरों से लगभग 700 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कलाकारों ने गायन, वादन (सितार, गिटार, तबला, सिंथेसाइज़र) और शास्त्रीय नृत्य की विभिन्न श्रेणियों में अपनी कला का प्रदर्शन किया। कुल 341 प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण नन्ही प्रतिभाएं रहीं, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया। सेंट मैरीज स्कूल की कक्षा 3-बी की छात्रा अरात्रिका त्रिपाठी ने भरतनाट्यम (वर्ग-बी) में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें नटराज की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मनोज कुमार (असिस्टेंट रजिस्ट्रार, सोसाइटीज) ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर समिति के सचिव अरुण कुमार, रजिस्ट्रार प्रदीप कुमार और उपाध्यक्ष हर्षित कुमार भी उपस्थित रहे। समिति के छात्रों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मंच संचालन प्रभाकर दयाल और सुनील गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य अतिथि मनोज कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन नई प्रतिभाओं के लिए एक मंच प्रदान करता है और भारतीय शास्त्रीय परंपराओं को जीवित रखने का एक सशक्त माध्यम है। अंत में, रजिस्ट्रार प्रदीप कुमार ने सभी गुरुओं, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *