नैनपुर में 70 एकड़ शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त:17 लोगों पर हुई कार्रवाई, अब खाली जमीन पर बायोमास प्लांट बनेगा

नैनपुर में 70 एकड़ शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त:17 लोगों पर हुई कार्रवाई, अब खाली जमीन पर बायोमास प्लांट बनेगा

मंडला जिले के नैनपुर क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगरीय क्षेत्र की 70 एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन और एसडीएम नैनपुर आशुतोष महादेव सिंह ठाकुर के नेतृत्व में ग्राम इटका, वार्ड नंबर-7 में यह संयुक्त कार्रवाई की गई। इस भूमि पर करीब 17 लोगों ने लंबे समय से खेती कर तार फेंसिंग सहित अन्य अवैध कब्जे कर रखे थे। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग, नगर पालिका नैनपुर और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाया। मौके से फेंसिंग और अन्य सामग्री हटाकर नगर पालिका को सौंप दी गई। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार राजेश कौशिक, थाना प्रभारी बलदेव मजल्दा और सीएमओ लक्ष्मण सिंह सारस सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद थे। एसडीएम आशुतोष महादेव ठाकुर ने बताया कि प्रशासन ने भविष्य में अतिक्रमण रोकने के लिए स्थल पर सूचना पट्ट स्थापित किया है। साथ ही, अतिक्रमणकर्ताओं के खिलाफ बॉन्ड ओवर की कार्रवाई भी की जा रही है। प्रशासन के अनुसार, यह भूमि नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग, भोपाल को आवंटित की गई है। यहां भविष्य में बायोमास प्लेट्स प्लांट का निर्माण किया जाएगा, जहां अपशिष्ट प्रबंधन के माध्यम से ऊर्जा उत्पादन की योजना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *