7 वर्षीय भाई ने खोला बहन के मर्डर का राज:फरीदाबाद में मां को बताया- गिनती न लिखने पर पापा ने पीटा, जमीन पर पटका

7 वर्षीय भाई ने खोला बहन के मर्डर का राज:फरीदाबाद में मां को बताया- गिनती न लिखने पर पापा ने पीटा, जमीन पर पटका

फरीदाबाद में साढ़े 4 साल की वंशिका के मर्डर का राज उसके ही 7 साल के भाई ने खोला। भाई ने अपनी मां को बताया कि बहन 50 तक उल्टी गिनती नहीं लिख पाई, जिसके बाद पिता ने बेलन से उसकी जमकर पिटाई की। सिर जमीन पर पटक कर मारा। इस पिटाई के बाद पति ने पत्नी को कहा था कि बच्ची सीढ़ियों से गिर गई।, जिससे उसकी मौत हो गई। पत्नी सच भी मान बैठी थी, लेकिन 7 साल के बेटे ने सारा राज खोल दिया। उसी के बाद पत्नी ने पति के खिलाफ सेक्टर-58 थाने में शिकायत दी। आरोपी पिता ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने 1 दिन के रिमांड के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है। दूसरी तरफ महिला अपने बेटे को लेकर किराये का मकान छोड़कर चली गई। सिलसिलेवार पढ़ें क्या है पूरा मामला…. पति नाइट तो पत्नी डे शिफ्ट में काम करती थी
सेक्टर 58 थाना पुलिस के अनुसार, यह घटना झाड़सेतली गांव में हुई। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले का रहने वाला कृष्ण जयसवाल (31) अपनी पत्नी रंजीता और तीन बच्चों के साथ यहां किराए पर रहता था। कृष्ण और रंजीता दोनों एक निजी कंपनी में हेल्पर के तौर पर काम करते हैं। कृष्ण रात की शिफ्ट में काम करता है, जबकि रंजीता दिन की शिफ्ट में। इस वजह से, जब एक काम पर जाता था, तो दूसरा घर पर रहकर बच्चों की देखभाल करता था। उनके सबसे बड़े बेटे की उम्र लगभग 7 साल है, दूसरी बेटी वंशिका साढ़े 4 साल की थी, और सबसे छोटी बच्ची 2 साल की है। 21 जनवरी को नशे की हालत में पीटा
आरोपी कृष्ण जयसवाल नशे का आदी था। 21 जनवरी को कमरे में उसका बेटा और मंझली बेटी वंशिका घर पर थे, जबकि सबसे छोटी बेटी पड़ोसियों के पास थी। कमरे का दरवाजा बंद था। कृष्ण अपनी बेटी वंशिका से 1 से 50 तक गिनती लिखवा रहा था, और वह भी उल्टी गिनती लिखने के लिए कह रहा था। जब वंशिका गिनती नहीं लिख पाई, तो वह गुस्से में आ गया और उसने बच्ची को बेलन से पीटना शुरू कर दिया। उसने बच्ची को फर्श पर भी पटक दिया। बच्ची के बेहोश होने पर वह उसको गोद में उठाकर बेटे के साथ सरकारी अस्पताल में पहुंचा। इसी दौरान उसने अपनी पत्नी को भी कॉल करके अस्पताल में बुला लिया। अस्पताल में डाक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। पत्नी को झूठ बोला-बेटी सीढ़ियों से गिर गई
कृष्ण की पत्नी रंजीता जब अस्पताल पहुंची तो उसने झूठ बोला। कहा- बच्ची सीढ़ियों से गिर गई। पत्नी इसी को सच मान रही थी। कुछ देर में ही 7 साल के बेटे ने बताया कि पापा ने बहन को बेलन से पीटा और जमीन पर सिर देकर मारा। इसके बाद रंजीता ने बच्ची के शरीर को देखा तो उसको चोट के निशान मिले। जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना देकर कृष्ण को पकड़वा दिया। सख्ती से पूछताछ में जुर्म कबूला
पुलिस ने शिकायत पर कृष्ण को हिरासत में ले लिया। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने बच्ची को पीटने की बात कबूल की। उसने बताया कि बेटी स्कूल नहीं जाती थी, इसलिए घर पर ही वह उसे पढ़ाता था। गिनती न लिख पाने के कारण गुस्से में उसने बेटी को ज्यादा पीट दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई। रिमांड के बाद जेल भेजा पिता
पुलिस के अनुसार बच्ची की मां अपने दोनों बच्चों के साथ वापस यूपी अपने घर जा चुकी है। सेक्टर 58 थाना इंचार्ज आजाद सिंह ने बताया कि आरोपी पिता को पुलिस ने एक दिन के रिमांड पर लिया था। जिसको पूरा करने के बाद उसको जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *