उत्तर प्रदेश के एटा जिले में घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के रामपुर घनश्यामपुर गांव के पास एटा-कानपुर हाईवे पर सात वाहन आपस में टकरा गए। इस घटना में वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टक्कर होते ही लोग अपनी गाड़ियों से उतरकर सुरक्षित स्थान की ओर भागते दिखाई दिए। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। इस दुर्घटना में कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनमें एक मैक्स (DL1LAQ 8419), एक ट्रक (UP 82T 5286), एक डिजायर (HR 55AG 0394), एक वरना (UP 81CZ 7469), एक कंटेनर (NL 01AK 3969), एक वैगनआर (DL 5CU 0157) और एक कार (DL 9CBL 7569) शामिल हैं।
कोतवाली देहात थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात को सुचारु कराया गया। उन्होंने पुष्टि की कि इस हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ है। तस्वीरें देखिए…


