MP में थाने के 7 पुलिसकर्मी एक साथ सस्पेंड, वायरल वीडियो को लेकर SP की कड़ी कार्रवाई

MP में थाने के 7 पुलिसकर्मी एक साथ सस्पेंड, वायरल वीडियो को लेकर SP की कड़ी कार्रवाई

MP News: मध्यप्रदेश में अवैध रेत के खेल ने एक बार फिर पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है। बीहड़ों से पकड़ी गई रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां थाने पहुंचीं, लेकिन ज्यादातर वाहन छोड़ दिए गए। रात में बना एक वीडियो वायरल होते ही पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया। मामला मुरैना जिले के चिन्नौनी थाना क्षेत्र का है। यहां चिन्नौनी थाना पुलिस ने 16 फरवरी को होराबराह के बीहड़ों में चंबल का रेत भरकर ला रहीं पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ी।

थाना प्रभारी शंभू दयाल ने चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को छोड़ दिया, जबकि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकडऩा बताकर आला अफसरों को अवगत करा दिया। इस मामले का वीडियो बुधवार को वायरल हुआ, जिसमें थाने में ही पदस्थ एक पुलिसकर्मी रेत के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को छोडऩे की बात कहता हुआ सुनाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने थाना प्रभारी, वीडियो वायरल करने वाले पुलिस जवान सहित सात लोगों को सस्पेंड करने के आदेश दिए हैं। (MP News)

ग्रामीणों ने बनाई घटना की वीडियो

चंबल नदी के होराबराह घाट से रोज सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अवैध रेत भरकर ले जाती हैं। 16 फरवरी को चिन्नौनी थाना पुलिस ने बीहड़ों में क्रमबद्ध तरीके से निकल रहे रेत के पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा। जिसका वीडियो मौके पर मौजूद ग्रामीण ने बना लिया, जिसमें चिन्नौनी थाने के पुलिसकर्मी भी नजर आ रहे हैं। लेकिन इन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को थाने ले जाने के बाद छोड़ दिया गया।

चिन्नौनी थाने में पकड़े गए रेत के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को छोड़े जाने का एक वीडियो रात के वक्त ग्रामीण ने बनाया, जिसमें थाना परिसर में ही रेत के ढेर लगे दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीण इस वीडियो में बोल रहे हैं कि रेत के ट्रैक्टर-ट्रॉली पकडऩे के बाद छोड़ दिए गए।

थाना प्रभारी सहित सात लोग सस्पेंड

चिन्नौनी थाने में रेत के वाहनों को पकड़कर छोडऩे के मामले का वीडियो आला अफसरों तक भी पहुंच गया है। पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने थाना प्रभारी शंभूदयाल बाथम व वीडियो वायरल करने वाले एएसआई कमलेश कुमार, पुलिस प्रधान आरक्षक सनत कुमार, आरक्षक ऋषिकेश शर्मा, आरक्षक किशन कटारा, प्रवीण शर्मा, एवं नवीन पाटिल सस्पेंड कर दिया है।

एसपी ने कहा….

चिन्नौंनी थाना प्रभारी व उनकी टीम द्वारा पैसे लेकर रेत के ट्रैक्टर-ट्रॉली छोडऩे की शिकायत मिली थी। जांच उपरांत थाना प्रभारी शंभूदयाल बाथम सहित सात पुलिस कर्मचारियों को सस्पेंड किया गया है। – समीर सौरभ, पुलिस अधीक्षक (MP News)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *