Aarya Desai broke Chris Gayle record: गुजरात के आर्य देसाई ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। उन्होंने महज 81 गेंदों पर 193 रनों की तूफानी पारी खेलते हुए क्रिस गेल का 175 रनों का महारिकॉर्ड तोड़ दिया है। वह भी तक जब हाल ही में 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने भी इस रिकॉर्ड को तोड़ने की इच्छा जताई थी।
Aarya Desai broke Chris Gayle record: गुजरात के आर्य देसाई ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। उन्होंने सूरत क्रिकेट टी20 लीग में महज 81 गेंदों पर 193 रनों की तूफानी पारी खेली है। यह टूर्नामेंट गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त है। आर्य की इस पारी को टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। उन्होंने वेस्टइंडीज के महान खिलाड़ी क्रिस गेल के महारिकॉर्ड को तोड़ा है। ज्ञात हो कि हाल ही में 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने भी आईपीएल 2026 में क्रिस गेल के इस रिकॉर्ड को तोड़ने की इच्छा जताई थी। लेकिन, उनसे पहले आर्य ने इस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है।
टूट गया क्रिस गेल का 175 रन का रिकॉर्ड
22 वर्षीय आर्य देसाई के जबरदस्त प्रदर्शन ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। कई स्थानीय हैंडल्स और गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (जीसीए) के आधिकारिक ‘इंस्टाग्राम’ हैंडल ने इसे टी20 मैच में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बताया है। जीसीए के सचिव अनिल पटेल ने आईएएनएस को इस बात की पुष्टि की है। ज्ञात हो कि इससे पहले ये रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम दर्ज था। उन्होंने आईपीएल में नाबाद 175 रन बनाए थे। जबकि टी20 इंटरनेशनल में एरोन फिंच ने 172 रन की पारी खेली थी।
तूफानी पारी के दौरान 21 चौके और 14 छक्के जड़े
रणजी और दिलीप ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में गुजरात का प्रतिनिधित्व कर चुके आर्य देसाई ने सूरत क्रिकेट टी20 लीग में अपनी बल्लेबाजी से हर किसी को खासा प्रभावित किया। उन्होंने अपनी तूफानी पारी के दौरान 21 चौके और 14 छक्के जड़े। यह लीग का छठा संस्करण है और इसमें हर जिले से सभी आयु वर्गों के राज्य के शीर्ष संभावित खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
केकेआर के पूर्व खिलाड़ी हैं आर्य
आर्य देसाई कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के पूर्व खिलाड़ी हैं और नेशनल क्रिकेट एकेडमी के कैंप में नियमित रूप से शामिल होते हैं। राज्य स्तर पर वह अपनी निरंतरता, क्लास और आत्मविश्वास के साथ लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए जाने जाते हैं। जीसीए के सचिव अनिल पटेल ने एक क्रिकेटर के तौर पर आर्य देसाई के अब तक के सफर के बारे में बताया।
‘किसी को भी इस तरह से गेंद को मारते हुए नहीं देखा’
अनिल पटेल ने फोन पर आईएएनएस को बताया कि मैंने किसी को भी इस तरह से गेंद को मारते हुए नहीं देखा, जैसा आर्य ने किया। यह पारी सूरत जिला क्रिकेट एसोसिएशन और गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा मान्यता प्राप्त एक टूर्नामेंट में आई है। गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के 11 जिलों के सभी संभावित खिलाड़ी इसी टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह टूर्नामेंट का छठा सीजन खेला जा रहा है।
पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में बनाए 500 से ज्यादा रन
आर्य देसाई के बारे में बात करते हुए पटेल ने कहा कि वह पहले आईपीएल में केकेआर टीम का हिस्सा थे और वह एक बहुत ही होनहार खिलाड़ी हैं। उन्होंने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने दोनों व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट में भी अच्छा प्रदर्शन किया। पिछली बार उन्हें दिलीप ट्रॉफी टीम में जगह मिली थी और इमर्जिंग प्लेयर्स टूर्नामेंट के लिए भारत की अंडर-23 टीम में भी चुना गया था। कुल मिलाकर, हम उनके लिए एक अच्छे भविष्य की उम्मीद कर रहे हैं।
Sports – Patrika | CMS


