भिंड| सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधी नगर में सोमवार शाम एक बुजुर्ग ने घर के कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना परिजनों द्वारा दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव बरामद कर मामला जांच में ले लिया। जानकारी के अनुसार गांधी नगर निवासी 62 वर्षीय मुन्ना बाथम ने सोमवार शाम करीब 4 बजे अपने सूने घर के कमरे में रस्सी से फांसी लगा ली। उस समय घर में उनका 14 वर्षीय नाती खुशीराम मौजूद था। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को शंका हुई। दरवाजा खोलकर देखने पर मुन्ना बाथम फंदे पर लटके मिले। परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से उन्हें नीचे उतारा। तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे संजय ने बताया कि पिता दो महीने पहले डिडी गांव से यहां रहने आए थे। वह बस स्टैंड पर मूंगफली का ठेला लगाते थे। पुलिस ने शव का पीएम कराकर परिजनो को सौंप दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।


