युवक की शादी कराने का झांसा देकर 62 हजार ठगे:दो महीने पहले लड़का-लड़की की मुलाकात कराई, रुपए लेकर टालमटोल करने का आरोप

युवक की शादी कराने का झांसा देकर 62 हजार ठगे:दो महीने पहले लड़का-लड़की की मुलाकात कराई, रुपए लेकर टालमटोल करने का आरोप

धार जिले के सरदारपुर तहसील अंतर्गत राजोद थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर 62 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ग्राम बोडिया निवासी मुलचंद भाभर ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके बेटे की शादी कराने के नाम पर आरोपियों ने उससे यह राशि ऐंठ ली और बाद में फरार हो गए। पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरियादी मुलचंद के अनुसार, उन्होंने अपने पुत्र विजय की शादी के लिए गोदीखेड़ा चारण निवासी मनीराम मेड़ा से संपर्क किया था। मनीराम ने उन्हें जीराबाद निवासी ताराबाई पंचोली और धानी निवासी नेहा गेहलोत से मिलवाया। 15 जनवरी 2026 को ताराबाई और नेहा मुलचंद के घर पहुंचे। यहां लड़के और लड़की की मुलाकात कराई गई, और दोनों ने एक-दूसरे को पसंद कर लिया। इसके बाद ताराबाई ने शादी तय कराने के लिए पैसों की मांग की, जिस पर मुलचंद ने पहले 21 हजार रुपए नकद दिए। अगले दिन ताराबाई और नेहा फिर घर आए और शादी की तारीख तय करने की बात कही। इस दौरान फरियादी से 11 हजार रुपए फोनपे के माध्यम से और 10 हजार रुपए नकद लिए गए। इसके बाद 6 फरवरी 2026 को 20 हजार रुपए और ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए गए। इस प्रकार आरोपियों को कुल 62 हजार रुपए दिए गए। शादी की तारीख 20 फरवरी 2026 को उज्जैन स्थित गायत्री मंदिर में तय की गई थी। इसी बीच ताराबाई युवती नेहा को फरियादी के घर छोड़कर चली गई। कुछ ही समय बाद नेहा भी बहाना बनाकर वहां से चली गई। जब मुलचंद ने ताराबाई से संपर्क किया, तो वह टालमटोल करने लगी और पैसे वापस नहीं किए। राजोद थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(1) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *